कृषि बिल का विरोध: पंजाब में तीन दिन ट्रैक्टर रैलियां करेंगे राहुल गांधी, मोगा से करेंगे शुरुआत

Sunday, Oct 04, 2020 - 01:41 AM (IST)

नई दिल्ली/जालंधरः कृषि कानूनों के विरोध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पंजाब में पार्टी वर्कर्स के धरनों में शामिल होंगे। वह 3 दिन ट्रैक्टर रैलियां भी करेंगे। शुरुआत 4 अक्टूबर को मोगा जिले के कस्बा बधनी कलां से की जाएगी। रैली को लेकर कांग्रेसी और पंजाब का पूरा प्रशासन मैदान में उतर चुका है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए पंजाब सरकार की ओर से प्रदेशभर में 10 हजार पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अपने इस दौरे के दौरान राहुल गांधी अमृतसर स्वर्ण मंदिर में माथा टेकने भी जा सकते हैं।

यह रहेगा रोड शो का मैप

  • 4 अक्टूबर: मोगा के निहाल सिंह वाला के बदनी कलां में सुबह 11 बजे एक सार्वजनिक बैठक से रोड शो की शुरुआत होगी। इसके बाद लुधियाना के जगराओं, चकर, लक्खा और माणूके होते हुए रायकोट के जट्टपुरा में एक जनसभा के साथ ही संपन्न होगा।
  • 5 अक्टूबर: रोड शो की शुरुआत बरनाला चौक, संगरूर में समारोह से होगी। यहां से राहुल जनसभा के लिए भवानीगढ़ तक कार से जाएंगे। फतेहगढ़ छन्ना और बाहमणां में समारोह के बाद पटियाला के समाना की अनाज मंडी में जनसभा में शिरकत करेंगे राहुल गांधी।
  • 6 अक्टूबर: पटियाला के दूधन साधां में होने वाली जनसभा में राहुल गांधी किसानों को संबोधित करेंगे। फिर पिहोवा सीमा से होते हुए कांग्रेस का रोड शो हरियाणा में प्रवेश करेगा। 


कृषि कानूनों पर गर्म है पंजाब की सियासत
दरअसल, कृषि कानूनों को लेकर इस समय पूरे पंजाब में माहौल गर्म है। सूबे की 31 किसान यूनियनें इस कानून के विरोध में सड़कों पर उतर चुकी हैं। वहीं सभी राजनैतिक दलों की नजर भी अब किसानों के वोट बैंक पर है। इसी कारण सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस अपने हाथ पीछे खींच रही है न ही अकाली दल पीछे है। हरसिमरत कौर भी मंत्री पद से इस्तीफा देकर कानून के विरोध में उतर चुकी हैं। यही नहीं शिअद ने तो भाजपा से नाता भी तोड़ लिया है। इसी तरह आम आदमी पार्टी भी किसानों के पक्ष में है।

कांग्रेस के प्रदर्शन की इसी कड़ी में किसानों के समर्थन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी रविवार को पंजाब में विशाल ट्रैक्टर रैली शुरू करने जा रहे हैं। इस रैली में हजारों की संख्या में किसानों के शामिल होने की उम्मीद है, वहीं पांच हजार ट्रैक्टर शामिल होंगे। कांग्रेस के तमाम मंत्रियों, विधायकों और अन्य दिग्गजों को इस दौरान मौजूद रहने को कहा गया है।

Pardeep

Advertising