भाजपा पर बरसे राहुल गांधी, कहा- मोदी जी को किसानों की नहीं, अपने दोस्त की चिंता

Monday, Jan 07, 2019 - 07:21 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पिछले कुछ दिनों से राफेल डील और किसानों के मुद्दे को लेकर मोदी सरकार पर हमलावर हैं। वह एक बार फिर किसानों के बकाये के मुद्दे को लेकर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर बरसे। 


कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की भाजपा सरकारें गन्ना किसानों का 11,000 करोड़ रुपये का बकाया नहीं दे रही हैं। उन्होंने सोमवार को फेसबुक पोस्ट में लिखा कि जरा सोचिए एक तरफ किसान साल भर कड़ी मेहनत से गन्ना उगाता है, उसको चीनी मिल तक ले जाता है। मगर जब किसान अपनी मेहनत का पैसा मांगता है तो उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की भाजपा सरकारें गन्ना किसानों का 11000 करोड़ का बकाया नहीं देती हैं।


राहुल गांधी ने दावा किया कि अप्रैल तक गन्ना किसानों का बकाया बढ़कर 20,000 करोड़ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वहीं दूसरी तरफ हिंदुस्तान का एक बड़ा व्यापारी (अनिल अंबानी) 10 दिन पहले कंपनी खोलता है और मोदी जी गले लगाकर 30,000 करोड़ उसकी जेब में डालते हैं। गौरतलब है कि राफेल मामले में कांग्रेस अध्यक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उद्योगपति अनिल अंबानी पर हमले कर रहे हैं। अंबानी का समूह उनके आरोपों को पहले ही खारिज कर चुका है। 

vasudha

Advertising