राहुल गांधी का ऐलान- सत्ता में आते ही गरीबी पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ करेगी कांग्रेस

Tuesday, Mar 26, 2019 - 02:21 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव दो विचारधाराओं की लड़ाई है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर नोटबंदी के जरिए काले धन वालों की मदद करने का आरोप भी लगाया।
    

राहुल गांधी ने सूरतगढ़ में पार्टी की जनसंकल्प रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि पीएम मोदी दो हिंदुस्तान बनाने की कोशिश कर रहे हैं जिसमें एक हिंदुस्तान अमीरों का और दूसरा गरीबों का होगा, लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी। झंडा एक है तो देश भी एक ही होगा। हम दो हिंदुस्तान नहीं बनने देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी के जरिए कालेधन वालों की मदद की। कांग्रेस केंद्र में सत्ता में आते ही देश के 20 प्रतिशत गरीब परिवारों की न्यूनतम मासिक आय 12000 रुपये सुनिश्चत करेगी। इसके लिये वह उनके खाते में 72 हजार रूपये सालाना डालेगी।    

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश में 25 करोड़ लोग आज भी गरीबी रेखा से नीचे हैं जो कि देश के लिए शर्म की बात है। उन्होंने देश के 20 प्रतिशत गरीब परिवारों को 72 हजार रूपये सालाना देने की पार्टी की घोषणा को देश में गरीबी पर ‘र्सिजकल स्ट्राइक’ बताते हुए कहा कि कांग्रेस देश से गरीबी मिटाएगी। उन्होंने कहा कि अगर मोदी अमीरों को पैसा देते हैं तो कांग्रेस पार्टी गरीबों को पैसा देगी। 


राहुल गांधी ने नोटबंदी और जीएसटी को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नोटबंदी तथा जीएसटी जैसे कदमों से मोदी सरकार ने देश में बेरोजगारी बढ़ाई है। मोदी ने नोटबंदी के जरिए कालेधन वालों की मदद की। कांग्रेस किसानों की रक्षा और युवाओं को रोजगार देने पर ध्यान देगी। उन्होंने कहा कि हम गरीबों की बात करते हैं। हम न्याय चाहते हैं, हम दो हिंदुस्तान नहीं बनने देंगे। इससे पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी सभा को संबोधित किया। राहुल गांधी आज बूंदी में भी एक सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह जयपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। 

vasudha

Advertising