Rahul Gandhi in Kerala: राहुल गांधी ने केरल चुनाव में चला 'इमोशनल कार्ड',बोले- मैं मानद मलयाली हूँ

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 01:35 PM (IST)

नेशनल डेस्क: केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए सभी राजनीतिक पार्टियां जोरों से तैयारियां कर रही हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केरल की जनता के साथ अपने भावनात्मक जुड़ाव को दोहराते हुए खुद को 'मानद मलयाली' (Honorary Keralite) बताया। कोझिकोड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य की संस्कृति और एकता की जमकर तारीफ की।

मैं खुद को केरल का हिस्सा मानता हूं: राहुल

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया और अपनी रैली में कहा कि केरल नफरत के ऊपर प्यार, अहंकार के ऊपर विनम्रता और विभाजन के ऊपर एकता को चुनता है। उन्होंने वादा किया, "मैं भले ही केरल में पैदा नहीं हुआ, लेकिन मैं खुद को यहाँ का हिस्सा मानता हूँ। मैं हमेशा आपके हितों की रक्षा के लिए खड़ा रहूंगा।"

PunjabKesari

आर्थिक भूकंप की दी चेतावनी

चुनावी रैली के दौरान राहुल गांधी ने जनता को वैश्विक संकटों के प्रति आगाह भी किया। उन्होंने Middle East में चल रहे तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले एक-दो महीनों में भारत में 'आर्थिक भूकंप' आने वाला है। राहुल के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता के कारण ईंधन की कीमतों में भारी उछाल आएगा और महंगाई आम आदमी की कमर तोड़ देगी।

PunjabKesari

LDF और पीएम मोदी पर साधा निशाना

राहुल गांधी ने न केवल केंद्र सरकार बल्कि केरल की सत्ताधारी एलडीएफ (LDF) सरकार को भी कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी डोनल्ड ट्रंप के प्रभाव में हैं और कुछ नहीं कर सकते, लेकिन केरल की पिनाराई विजयन सरकार जनता को इस आर्थिक संकट से बचाने के लिए क्या कदम उठा रही है?

केरल चुनाव का गणित

केरल की 140 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि नतीजों की घोषणा 4 मई को की जाएगी। राज्य में पारंपरिक रूप से हर 5 साल में सत्ता बदलने का रिवाज रहा है, जिसे 2021 में वामपंथी मोर्चे (LDF) ने दोबारा जीतकर तोड़ा था। इस बार कांग्रेस नीत यूडीएफ (UDF) सत्ता में वापसी की पुरजोर कोशिश कर रही है।

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News