पुडुचेरी दौरे पर राहुल गांधी, बोले- मछुआरों की भी आवाज सुने मोदी सरकार

Wednesday, Feb 17, 2021 - 03:19 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सियासी संकट के बीच केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी दौरे पर हैं।  राहुल गांधी ने  मछुआरों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं का जानने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मछुआरे समुद्र के किसान हाेते हैं।  उन्हे भी पेंशन, बीमा मिलना चाहिए। इसके बाद वह एक कॉलेज में छात्रों के साथ बातचीत करेंगे और फिर एक सार्वजनिक बैठक करेंगे।

मछुआरों के लिए अलग मंत्रालय हो: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार में मछुआरों के लिए एक अलग मंत्रालय होना चाहिए, ताकि उनकी आवाज भी सुनी जा सके। इसके साथ ही उन्होंने क‍ृषि कानूनों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह कानून सिर्फ किसान ही नहीं बल्कि आप जैसे मछुआरों और सभी आम लोगों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। वहीं इससे पहले पुडुचेरी एयरपोर्ट पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत हुआ। 


चुनाव अभियान के लिए पुडुचेरी दौरे पर हैं राहुल गांधी
दरअसल राहुल गांधी पुडुचेरी विधानसभा चुनाव अभियान के लिए राज्य के दौरे पर हैं। हालांकि एक और विधायक के सदस्यता से इस्तीफे के बाद राज्य की कांग्रेस सरकार ने मंगलवार को विधानसभा में अपना बहुमत खो दिया है। मौजदा सदन में कांग्रेस नीत गठबंधन के अब 14 विधायक रह गए हैं। इस मौके का लाभ उठाते हुए विपक्ष ने मुख्यमंत्री वी नारायणसामी से इस्तीफा मांगते हुए कहा कि सरकार अल्पमत में है।


अप्रैल में होंगे चुनाव 
बता दें कि  पुडुचेरी विधानसभा का चुनाव अप्रैल में होने की उम्मीद है क्योंकि मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 21 जून 2021 को समाप्त हो रहा है। कांग्रेस से विधायकों के इस्तीफे की शुरुआत पिछले महीने मंत्री ए नमास्सिवयम और ई थीप्पैनजान से शुरू हुई बाद में दोनों भाजपा में शामिल हो गए। मंत्री मल्लाडी कृष्णा राव ने भी सरकार से पहले इस्तीफा दिया और फिर सोमवार को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। पिछले साल जुलाई में एन धानवेलु को पार्टी विरोधी गतिविधियों की वजह से अयोग्य करार दिया गया था। 
 

vasudha

Advertising