राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी, कहा- बापू ने हमें सत्य और अहिंसा के पथ पर चलना सिखाया

punjabkesari.in Sunday, Oct 02, 2022 - 11:36 AM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि हम प्रण लेते हैं कि जिस तरह बापू ने देश को अन्याय के खिलाफ एकजुट किया था, उसी तरह हम भी अपने भारत को जोड़ेंगे। कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, ‘‘बापू ने हमें सत्य और अहिंसा के पथ पर चलना सिखाया। प्रेम, करुणा, सद्भाव और मानवता का अर्थ समझाया।''

उन्होंने कहा, ‘आज गांधी जयंती पर, हम प्रण लेते हैं कि जिस तरह उन्होंने देश को अन्याय के खिलाफ एकजुट किया था, वैसे ही अब हम भी अपना भारत जोड़ेंगे।' राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा' की झलकियों के साथ महात्मा गांधी का एक वीडियो भी साझा किया। 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट किया, ‘‘बापू सत्य की मिसाल हैं। बापू साहस की मशाल हैं। बापू देश के लोगों की पीड़ा साझा करने वाले व पूरे भारत को एकजुट करने वाले भारत यात्री हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘आज हम जुबां पर भारत जोड़ो का नारा और हाथ में एकजुटता की मशाल लिए दृढ़ संकल्प के साथ बापू द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चल रहे हैं।''

कांग्रेस पार्टी ने गांधी और शास्त्री को श्रद्धांजलि दी
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, ‘हम ‘राष्ट्रपिता' महात्मा गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि देते हैं। उनकी दूरदृष्टि, उनके सिद्धांतों, उनके आदर्शों ने भारत की नींव रखी।' पार्टी ने कहा, ‘जब हम गांधी जयंती मना रहे है तो चलिए अपने आप को शांति एवं अहिंसा के लिए समर्पित करने का संकल्प लें।' कांग्रेस ने स्वतंत्रता सेनानी तथा जन नेता लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि दी। पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, ‘राष्ट्र के सच्चे निर्माता, उनके नारे ‘जय जवान, जय किसान' ने राष्ट्र को समर्पित हमारे जवानों तथा किसानों के खून और पसीने के लिए भारतीयों में गौरव का संचार किया।'

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News