असम और पुडुचेरी के नेताओं ने राहुल गांधी से की मुलाकात

Thursday, Jan 21, 2016 - 11:50 PM (IST)

नई दिल्ली: तमिलनाडु के कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक करने के बाद राहुल गांधी ने आज चुनावी राज्य असम और पुडुचेरी के नेताओं के साथ विचार विमर्श किया और इसमें गठबंधन का मुद्दा अहम रहा। असम के मुख्यमंत्री पद पर लगातार तीसरा कार्यकाल पूरा कर रहे तरूण गोगोई ने प्रदेश पार्टी प्रमुख अंजन दत्ता और कांग्रेस महासचिव सी पी जोशी के साथ राहुल गांधी से मुलाकात की।  

 
पार्टी के केंद्रीय नेताओं ने इस बैठक को महज ‘‘जारी विचार विमर्श’’ बताया वहीं गोगोई ने साफ कहा कि उनकी पार्टी असम में अकेले चुनाव लडऩा चाहती है। कांग्रेस, बदरूद्दीन अजमल की एआईयूडीएफ तथा असम गण परिषद के बीच संभावित गठबंधन को लेकर अकटलें लगती रही हैं।  
 
पुडुचेरी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्रशासित प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर पार्टी उपाध्यक्ष के साथ अलग से बैठक की। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस महासचिव वी नारायणसामी, विपक्ष के नेता वी वैतिलिंगम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ए नमसशिवयम ने राहुल से मुलाकात की। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कल तमिलनाडु के नेताओं से मुलाकात की थी। 
Advertising