मोदी को मात देने के लिए राहुल का भविष्य दांव पर लगा सकती है कांग्रेस!

Saturday, Jul 15, 2017 - 03:12 PM (IST)

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी काे मात देने के लिए कांग्रेस अपने समीकरण बदल सकती है। सूत्राें की मानें ताे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी साल 2019 के लोकसभा चुनावों में नरेंद्र मोदी के काट के रूप में कांग्रेस का चेहरा नहीं होंगे। ये भी बताया जा रहा है कि आने वाला चुनाव राहुल की युवा ब्रिगेड की बजाय पुराने नेताओं के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। इस बात का अंदाजा पार्टी में पुराने नेताओं की बढ़ती सक्रियता और ताकत से लगाया जा सकता है। माना जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी इस बात को समझ चुकी हैं कि अगर 2019 में मोदी के विजय रथ को रोकना है तो फिलहाल बेटे राहुल के भविष्य की कुर्बानी देनी होगी। शायद यही वजह है कि सोनिया गांधी ने फिर से पार्टी की कमान अपने हाथों में ले ली है। 

खबर है कि कांग्रेस ने 2019 के आम चुनाव के लिए तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। कांग्रेस ने हाल के दिनों में बड़े पैमाने पर रणनीतिक बदलाव के संकेत दिए हैं। इस बदलाव के तहत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के रोल में इजाफा किया गया है। हाल ही में बनी कांग्रेस कम्युनिकेशन कमेटी में पी चिदंबरम, आनंद शर्मा और गुलाम नबी आजाद जैसे सीनियर नेताओं को प्रमुखता दी गई। राष्ट्रपति चुनाव के मुद्दे पर भी राहुल की गैर मौजूदगी में ही पार्टी ने विपक्षी दलों के साथ मिलकर राष्ट्रपति उम्मीदवार और उपराष्ट्रपति उम्मीदवार का चयन किया था।
 

Advertising