''एक सच्चे हिंदू के तौर पर मेरा कर्तव्य...'', राहुल गांधी ने BJP-RSS समर्थकों को लेकर कह दी बड़ी बात
punjabkesari.in Tuesday, Nov 17, 2026 - 05:59 PM (IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के रिश्ते को लेकर दिए गए बयान पर हो रही आलोचना का जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि BJP और RSS के समर्थकों के दिलों में डर, गुस्से और नफरत का ऐसा जाल बन गया है, जो उन्हें प्यार महसूस करने और उसे जाहिर करने से रोकता है। राहुल गांधी ने खुद को सच्चा हिंदू बताते हुए कहा कि उनका कर्तव्य है कि वे लोगों को इस जाल से बाहर निकालें, ताकि वे भी प्यार और अपनेपन की खुशी को महसूस कर सकें।
राहुल गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, "डर, गुस्से और नफरत ने BJP और RSS के समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्यार महसूस करने और जाहिर करने से रोकता है।" उन्होंने आगे लिखा, "एक सच्चे हिंदू के रूप में मेरा कर्तव्य है कि मैं उन्हें इस जाल से बाहर निकालूं, ताकि वे भी अपनी जिंदगी में प्यार और अपनेपन की खूबसूरती और खुशी महसूस कर सकें।" राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट के अंत में 'सत्यम शिवम सुंदरम' भी लिखा। इसके साथ उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती की एक प्राचीन मंदिर की मूर्ति की तस्वीर भी साझा की। इस मूर्ति में भगवान शिव और माता पार्वती नंदी पर एक साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं।
माता-पिता के रिश्ते पर क्या बोले थे राहुल गांधी?
दरअसल, सोमवार को नई दिल्ली में उनकी मां सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' के विमोचन कार्यक्रम का आयोजन हुआ था। इस दौरान राहुल गांधी ने अपने माता-पिता, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और सोनिया गांधी के रिश्ते से जुड़ी एक निजी बात साझा की थी। उन्होंने बताया था कि परिवार में रोजमर्रा की जिंदगी के दौरान उनके माता-पिता के बीच प्यार साफ दिखाई देता था। राहुल ने कहा था, "हर बार खाना खाते समय पापा होते थे और उनकी गोद में मम्मी बैठी होती थीं। मुझे लगता था कि यह सामान्य बात है।" उन्होंने बताया कि बचपन में उन्हें यह इतना सामान्य लगता था कि एक बार उन्होंने अपने दोस्त से पूछ लिया था कि उसकी मां उसके पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं। राहुल गांधी ने यह भी बताया कि उन्होंने और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने माता-पिता को सिर्फ एक बार झगड़ते हुए देखा था। उनके मुताबिक, यह घटना उस समय हुई थी, जब राजीव गांधी कैप्टन अमरिंदर सिंह से फोन पर बात कर रहे थे। अमरिंदर सिंह बाद में पंजाब के मुख्यमंत्री बने थे।
Fear, anger and hatred have woven a web in the hearts of BJP and RSS supporters that stops them from experiencing and expressing love. As a true Hindu, it is my duty to free them from this web, so that they too can start to experience the breathtaking beauty and joy of love and belonging in their lives. Satyam Shivam Sundaram.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 17, 2026
BJP नेता ने राहुल गांधी के बयान की आलोचना की
राहुल गांधी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। BJP की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य अनिर्बान गांगुली ने उनके बयान की आलोचना करते हुए इसे सादगी के नाम पर बेशर्मी बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी ने अपनी मां के पिता की गोद में बैठने की बात को सार्वजनिक मंच पर इस तरह क्यों बताया। गांगुली ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जो व्यक्ति परिवार की डाइनिंग टेबल और सार्वजनिक मंच के बीच फर्क नहीं समझ सकता, वह प्रधानमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री कार्यालय की गोपनीय फाइलों को कैसे संभालेगा। कुछ अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने भी राहुल गांधी के बयान पर सवाल उठाए। वहीं, कुछ लोगों ने इसे भारतीय संस्कृति के लिहाज से असामान्य बताया।
सोशल मीडिया पर राहुल गांधी को मिला समर्थन
हालांकि, राहुल गांधी के बयान का कई लोगों ने समर्थन भी किया। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे उनके माता-पिता के बीच प्यार और मजबूत रिश्ते की एक निजी याद बताया। एक यूजर ने लिखा कि राहुल गांधी ने सोनिया गांधी और राजीव गांधी के बीच प्यार और जुड़ाव की निजी कहानी साझा की है। यह प्रेम कहानी कई युवा जोड़ों को प्रेरित कर सकती है। वहीं, सोशल मीडिया यूजर लेहर सेठी ने सवाल उठाया कि माता-पिता के बीच प्यार और अपनापन दिखाने को कुछ लोग असामान्य क्यों मान रहे हैं।
शिव-पार्वती की तस्वीर पर हिमंत बिस्वा सरमा ने उठाए सवाल
राहुल गांधी की पोस्ट और भगवान शिव-माता पार्वती की तस्वीर साझा करने पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार का कोई सदस्य या कोई भी इंसान भगवान के बराबर नहीं हो सकता। सरमा ने X पर लिखा कि किसी इंसान को भगवान शिव और माता पार्वती के रूप में दिखाना भक्ति नहीं, बल्कि अहंकार की निशानी है। उन्होंने आगे कहा, "किसी व्यक्ति का पतन उस समय तेजी से शुरू होता है, जब वह भगवान के सामने सिर झुकाने के बजाय खुद को भगवान के रूप में दिखाने लगता है।" असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी इंसान भगवान नहीं बन सकता। हम अपने भगवान के सामने सिर झुकाते हैं, उनकी बराबरी नहीं करते। उन्होंने यह भी कहा कि विनम्रता ही महानता की नींव है, जबकि अहंकार इंसान के पतन का कारण बनता है।
