राहुल गांधी ने अदिति सिंह का बढ़ाया कद, पार्टी में दी महत्वपूर्ण भूमिका

Thursday, Aug 23, 2018 - 11:52 PM (IST)

नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश की रायबरेली सदर सीट से विधायक अदिति सिंह को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस का नया राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। इस संबंध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने गुरुवार को एक प्रेस नोट जारी कर इस संबंध में जानकारी दी। इससे पहले अटकलें लगाई जा रहीं थी कि कांग्रेस की युवा विधायक अदिति सिंह को राहुल गांधी अहम ओहदा दे सकते हैं। वर्तमान में अदिति इजरायल के आधिकारिक दौरे पर हैं।



अदिति सिंह ने नियुक्ति के बाद कहा कि मैं नई भूमिका के लिए पार्टी नेतृत्व की आभारी हूं। उन्होंने कहा, मैं खुश हूं कि मेरे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने मुझ पर भरोसा किया। मैं अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव की भी आभारी हूं, जिन्होंने इतने महत्वपूर्ण पद के लिए मेरा चुनाव किया।



कांग्रेस विधायक ने कहा कि देश में महिलाओं की दशा सुधारने के लिए काफी काम किया जाना बाकी है, खुद एक महिला होने के नाते मैं उनकी समस्याओं को समझ सकती हूं। मेरा मकसद महिलाओं की शिक्षा के लिए काम करने का है। अदिति सिंह ने मैनेजमेंट में मास्टर्स की डिग्री यूएसए की ड्यूक यूनिवर्सिटी से हासिल की है।



बता दें कि अदिति सिंह, रायबरेली सदर से पांच बार विधायक रह चुके बाहुबली अखिलेश की बेटी हैं। अमेरिका से भारत लौटने का फैसला उन्होंने अपने पिता की बीमारी के बाद लिया था। अदिति को कांग्रेस में प्रियंका गांधी का बेहद करीबी समझा जाता है। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में अदिति सिंह ने रायबरेली सदर से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें 90 हजार वोटों के अंतर से जीत मिली थी। अदिति सिंह की सोशल मीडिया पर अच्छी फैन फॉलोइंग है।  

Yaspal

Advertising