राहुल गांधी ने आंध्रप्रदेश में नौका दुर्घटना में 12 लोगों की मौत पर दुख किया प्रकट

Monday, Sep 16, 2019 - 12:18 AM (IST)

नई दिल्लीः कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आंध्रप्रदेश में नौका दुर्घटना में 12 लोगों की मौत पर रविवार को दुख प्रकट किया और उम्मीद जताई कि जो लोग लापता हैं, वे सुरक्षित हों।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ आंध्रप्रदेश की गोदावरी नदी की नौका दुर्घटना के बारे में जानकर दुख हुआ। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं (ईश्वर से) प्रार्थना करता हूं कि जो लोग लापता बताए जा रहे हैं, उनका जल्द पता चल जाए और वे सुरक्षित हों।''

आंध्रप्रदेश में रविवार को उफनती गोदावरी नदी में एक नौका के डूबने से उसमें सवार 12 लोगों की डूबकर मौत हो गई जबकि 30 लोग लापता हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। नौका में करीब 60 लोग सवार थे जिसमें चालक दल के नौ सदस्य थे। स्थानीय लोगों की कोशिश से 17 लोग बचा लिए गए हैं, अन्य लोगों की तलाश जारी है।

Pardeep

Advertising