राहुल ने लोकसभा अध्यक्ष के निर्णय की अवहेलना की, सदन का समय बर्बाद किया: रीजीजू
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 05:09 PM (IST)
नेशनल डेस्क: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने सोमवार को विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर लोकसभा में अध्यक्ष के फैसले की अवहेलना करने और एक पूर्व सेना प्रमुख के अप्रकाशित संस्मरण के अंश उद्धृत करने की कोशिश करके लोकसभा का समय बर्बाद करने का आरोप लगाया। रीजीजू ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में व्यवस्था दी थी कि केवल प्रमाणित दस्तावेजों को ही उद्धृत किया जा सकता है।
सदन के नियमों का हवाला देते हुए, रीजीजू ने यह भी कहा कि चर्चा के दौरान किताबों, पत्रिकाओं और समाचार कतरनों को उद्धृत नहीं किया जा सकता है, अगर उनका कार्यवाही से कोई संबंध नहीं है। मंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अध्यक्ष के फैसले की अवहेलना करके ''वही गलती बार-बार दोहराई और सदन का समय बर्बाद किया''। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को सदन में एक पूर्व सेना प्रमुख के संस्मरण के मसौदे के कुछ अंश का हवाला देकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर निशाना साधने का प्रयास किया और इस पर सत्तापक्ष ने विरोध जताया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद शाम चार बजे तक स्थगित कर दी गई।
राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए अपने भाषण की शुरुआत में ही भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या के वक्तव्य का उल्लेख करते हुए पलटवार करने का प्रयास किया। उनका कहना था कि सूर्या ने कांग्रेस की देशभक्ति और चरित्र पर सवाल खड़े किए हैं, इसलिए वह एक पूर्व सेना प्रमुख के उस संस्मरण के अंश को पढ़ना चाहते हैं जो एक पत्रिका में प्रकाशित हुआ है। आसन से उन्हें इसकी अनुमति नहीं मिली।
