राफेल विवाद: राहुल का PM पर तंज, कहा- वाह मोदी जी वाह

Friday, Sep 28, 2018 - 09:29 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा राफेल डील को लेकर मोदी सरकार पर हमला जारी है। वे आए दिन किसी न किसी बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साध रहे हैं। शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य बीमा योजना ‘आयुष्मान भारत’  के लिए आवंटित राशि पर सवाल खड़े किए। 


राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ‘राफेल घोटाले में अनिल अंबानी को 130,000 करोड़ रुपये दिये गये, लेकिन इस योजना के लिए सिर्फ दो हजार करोड़ रुपये का ‘झुनझुना’ थमाया गया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि देश का चौकीदार ‘खुल जा सिमसिम’ कब कहता है? (जब) अनिल अम्बानी को राफेल घोटाले में 1,30,000 करोड़ रुपये देना होता है। लेकिन 50 करोड़ भारतीयों को आयुष्मान भारत में 2000 करोड़ रुपये दिया जाता है। 



कांग्रेस अध्यक्ष ने लिखा कि 5 लाख के स्वास्थ्य बीमा झुनझुने पर मोदी जी का सालाना प्रति व्यक्ति खर्च मात्र 40 वाह मोदीजी वाह, समाचार ही आपका प्रचार है।  दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने गत 23 सितंबर को रांची से ‘‘आयुष्मान भारत: प्रधानमंत्री आरोग्य योजना’’ की शुरुआत की। इस योजना के तहत देश के 10 करोड़ परिवारों को पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। केंद्रीय बजट में इस योजना के पहले साल के लिए दो हजार करोड़ रुपये का शुरुआती आवंटन किया गया था। 

कांग्रेस अध्यक्ष ने मध्य प्रदेश दौरे के दौरान भी राफेल खरीद का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि राफेल लड़ाकू विमान की खरीद में गड़बड़ी हुई है। मोदी ने अपने मित्र अनिल अंबानी को फायदा पहुंचाने के लिए भारत सरकार की कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) से ठेका छीनकर एक प्राइवेट कंपनी, अंबानी की नई कंपनी को दिलाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन के समय में यह विमान 526 करोड़ रुपए का था, लेकिन अब इसे 1600 करोड़ रुपए की दर पर खरीदा जा रहा है। 

vasudha

Advertising