अनुपम बोले, अगर राबड़ी बन सकती हैं CM तो देश में कुछ भी हो सकता है

Friday, Jan 13, 2017 - 09:00 AM (IST)

रायपुर: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर तंज कसते हुए फिल्म अभिनेता अनुपम खेर ने कहा है कि जब राबड़ी देवी मुख्यमंत्री बन सकती हैं तो देश में कुछ भी हो सकता है। गुरुवार को स्वामी विवेकानंद जयंती के मौके पर अनुपम खेर रायपुर में नौजवानों की एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान अनुपम खेर ने नौजवानों को कामयाबी के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि जब एक लंगोटी वाला बगैर अश्त्र-शस्त्र के देश को आजाद करा सकता है, जब एक दस साल का बच्चा रोज नदी पार करके दस किलोमीटर चलकर स्कूल जाकर देश का प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री बन सकता है तो कुछ भी हो सकता है।

अनुपम खेर यही नहीं रुके, आगे उन्होंने कहा कि 27 साल तक जेल में रहने के बाद नेल्सन मंडेला उसी देश का राष्ट्रपति बन सकते हैं तो कुछ भी हो सकता है। इसके बाद अनुपम खेर ने जो कहा उसे सुनकर लोग हंसे पड़े। उन्होंने कहा कि जब राबड़ी देवी बिहार मुख्यमंत्री बन सकती हैं तो देश में कुछ भी हो सकता है। वहीं उन्होंने खुशी जाहिर की कि देश का एक मात्र एयरपोर्ट ऐसा है, जिसका नाम स्वामी विवेकानंद के नाम पर रखा गया है और वो रायपुर में ही है। अनुपम खेर को सुनने के लिए शहर का इनडोर स्टेडियम स्कूली और कॉलेज के छात्रों से खचाखच भरा था।

Advertising