अश्वनी शर्मा ने पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम पर उठाए सवाल

punjabkesari.in Saturday, Oct 25, 2025 - 08:19 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पंजाब में नशे के ख़िलाफ़ चल रही सरकारी मुहिम के दौरान मानसा ज़िले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। राज्य की एक महिला खिलाड़ी, जो कभी मैदानों में पंजाब का गौरव थी, नशे की गिरफ्त में आकर अपने ही जिगर के टुकड़े (बेटे) को मात्र 1 लाख 80 हज़ार रुपये में बेच बैठी।

पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने इस घटना पर आम आदमी पार्टी सरकार को घेरते हुए कहा कि जब एक माँ, जो कभी राज्य की शान रही हो, नशे की लत के कारण अपने बेटे को बेचने पर मजबूर हो जाए तो यह सरकार की सबसे बड़ी नाकामी है। उन्होंने कहा कि नशे के ख़िलाफ़ सरकार की मुहिम सिर्फ़ कागज़ों और फ़ोटो खिंचवाने तक सीमित रह गई है।

शर्मा ने बताया कि यह महिला खिलाड़ी नशे की आदी हो चुकी थी और आर्थिक तंगी के कारण उसने यह भयावह कदम उठाया। ढाई महीने बाद जब उसे अपनी गलती का एहसास हुआ, तो उसके मातृत्व के जज़्बात जाग उठे और उसने अपने बेटे को वापस लेने के लिए बरेटा थाने में अर्जी दी, जिसके बाद यह मामला उजागर हुआ। शर्मा ने कहा कि नशे का व्यापार अब हर गाँव और शहर तक पहुँच चुका है, लेकिन सरकार की नीति केवल विज्ञापनों और झूठे दावों में उलझी हुई है।

उन्होंने माँग की कि सरकार केवल बयानबाज़ी न करे, बल्कि नशे के आदी लोगों के लिए पुनर्वास केंद्रों की संख्या बढ़ाए और खिलाड़ियों के लिए विशेष पुनर्जीवन योजनाएँ लागू करे। उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ी ही नष्ट होने लगें, तो राज्य का भविष्य ख़तरे में पड़ जाएगा। नशे की समस्या अब हर घर की बन गई है, और सरकार को इस पर सख़्त और ठोस कदम उठाने की ज़रूरत है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Shubham Anand

Related News