ऑफ द रिकॉर्डः पंजाब में लोगों के पॉजिटिव होने की दर देश में सबसे कम

Tuesday, Aug 04, 2020 - 03:10 AM (IST)

नई दिल्लीः भारत जब दो करोड़ कोरोना टेस्ट की सीमा पार कर चुका है, पंजाब में यह बात सामने आई है कि यहां लोगों के पॉजिटिव होने की दर देश में सबसे कम 2.9 प्रतिशत है। पंजाब में मार्च से एक अगस्त तक 5.92 लाख टेस्ट किए गए। पड़ोसी राज्य हरियाणा में अब तक 6.28 लाख टेस्ट किए गए और यहां पॉजिटिव केस की दर 5.7 प्रतिशत पाई गई है जो थोड़ी चिंता की बात है। 

देश में एक नया रिकॉर्ड बनाते हुए केवल जुलाई महीने में एक करोड़ से अधिक टेस्ट किए गए। देशभर में हुए 2 करोड़ टैस्टों की बात करें तो अकेले केवल पांच राज्यों महाराष्ट्र, तमिलनाडु, यू.पी., आंध्र प्रदेश व राजस्थान में ही एक करोड़ टेस्ट हुए हैं। महाराष्ट्र में एक जुलाई को 9.95 लाख टेस्ट किए गए, जो एक अगस्त को बढ़कर 21.98 लाख हो गए। वैसे इस मामले में यू.पी. ने नए झंडे गाड़े हैं। यू.पी. में 1 जुलाई को 7 लाख टेस्ट हुए, जो एक महीने में तीन गुना बढ़कर 24.18 लाख हो गए। यह एक रिकॉर्ड है। 

अब बात करें सुशासन बाबू नीतीश कुमार के बिहार की। बिहार में अब तक 5.76 लाख टेस्ट किए गए तथा यहां पॉजिटिव केसों की दर 9.5 प्रतिशत है। प्रति 10 लाख लोगों पर यहां देश में सबसे कम 4755 टैस्ट किए गए, जबकि हरियाणा और पंजाब में इससे अधिक औसत टेस्ट किए गए। प्रधानमंत्री तथा अन्य एजैंसियों के जोर देने के बावजूद बिहार में कम टेस्ट करवाए गए। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्वाधिक टेस्ट किए गए। 1 अगस्त तक यहां 10 लाख लोगों की औसत में 52285 टेस्ट किए गए। महाराष्ट्र में इसी अवधि में 17,844 टेस्ट हुए। देश में प्रति 10 लाख लोगों पर टेस्ट की औसत 14363 है। 

 

Pardeep

Advertising