मंत्री के काफिले के एक वाहन पर प्रदर्शनकारियों ने फेंके पत्थर, एक पुलिसकर्मी हुआ घायल

punjabkesari.in Sunday, Mar 23, 2025 - 09:41 PM (IST)

नेशनल डेस्क : ओडिशा के मयूरभंज में रविवार को लोगों के एक समूह ने यह सवाल खड़ा करते हुए राज्य के एक मंत्री के काफिले के एक वाहन पर पथराव किया कि अधिकारियों ने जिले में हाल में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा क्यों नहीं किया और नुकसान का आकलन क्यों नहीं किया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस हमले में एक आरक्षी (कांस्टेबल) घायल हो गया। यह घटना उस समय हुई, जब राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी को जिले में एक हेलीपैड पर पहुंचाकर यह काफिला लौट रहा था।

अधिकारी ने बताया कि विरोध प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों के एक समूह ने एक वाहन पर पत्थर फेंके। उन्होंने बताया कि हमले में कार का शीशा (विंडस्क्रीन) क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के मुताबिक, कार के समीप खड़े एक आरक्षी घायल हो गये और उन्हें एक नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। इससे पहले दिन में, पुजारी ने मयूरभंज जिले के बिसोई और बांगरीपोसी प्रखंडों के ओलावृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया था। पुजारी ने कहा, ‘‘मुझे शनिवार को इन इलाकों में जाना था, लेकिन खराब मौसम के कारण मेरा हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका।

इसलिए मैं आज उन इलाकों में गया। मयूरभंज जिले में ओलावृष्टि से प्रभावित लोगों को सोमवार तक मुआवजा दे दिया जाएगा।'' मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार उन लोगों को मकान बनाकर देगी, जिनके घर 20 मार्च को ओलावृष्टि में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये। इस बीच, भाजपा नेता संजली मुर्मू ने हमले की निंदा करते हुए कहा, ‘‘कुछ लोगों ने ऐसे समय में राजनीतिक फायदे के लिए ऐसा किया है, जब लोग परेशान हैं।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News