शोपियां में लोगों ने पुलिस पर लगाया युवक को गायब करने का आरोप, बंद का किया पालन

Thursday, May 11, 2017 - 11:54 PM (IST)

श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर में शोपियां जिला में गुरुवार को लोगों ने स्थानीय युवक के लापता होने के खिलाफ बंद का पालन किया। हालांकि, पुलिस ने दावा किया है कि युवक गत 1 मई को पुलिस हिरासत से भाग गया था। जिला में हड़ताल की वजह से सभी दुकानें एवं अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे जबकि सडक़ों से यातायात नदारद रहा।


स्थानीय लोगों ने कहा कि जब तक जुबैर अहमद तुर्रे नामक युवक का पता नहीं चलता है, तब तक शहर में हड़ताल जारी रहेगी। शोपियां के बोनबाजार इलाके का रहने वाले तुर्रे 2015 से पुलिस हिरासत में था। तुर्रे पर पत्थरबाजी और प्रदर्शनों में भाग लेने का आरोप था और साथ ही उसको पी.एस.ए. भी लगा हुआ था। गत 1 मई को पुलिस ने दावा किया कि तुर्रे कीगाम पुलिस पोस्ट से भाग गया।
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि तुर्रे ने उसकी सजा को पूरा कर लिया था और पुलिस ने उसको अवैध तरीके से हिरासत में रखा था। साथ ही उसके खिलाफ साजिश रची जा रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस हिरासत से भागे युवक की तलाश जारी है।

 

Advertising