पानी की ठप्प पड़ी आपूर्ति के विरोध में कॉलेज मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया

Tuesday, Sep 25, 2018 - 07:27 PM (IST)

कठुआ : बिजली के ट्रांसफार्मर की खराबी के चलते विगत चार दिनों से ठप्प पड़ी आपूर्ति के विरोध में लोगों ने मंगलवार को कॉलेज मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। वार्ड चार कृष्णा कालोनी के अलावा वार्ड एक के पी.एच.ई. स्टोर के सामने वाले मोहल्ले के लोगों ने विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कृष्णा कालोनी मोड़ पर ही कॉलेज मार्ग अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पिछले चार दिनों से आपूर्ति न मिलने से लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं। 


प्रदर्शनकारियों में पैंथर्स के जिला प्रधान राबिन शर्मा ने कहा कि इस मौसम में भी लोगों को पेयजल नसीब नहीं हो रहा है। पिछले चार दिनों से पेयजल आपूर्ति न होने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। बचचों की परेशानियां बढ़ रही हैं लेकिन विभाग समस्या के समाधान को तैयार नहीं है। ट्रांसफार्मर की खराबी के चलते लोग विभाग से टैंकरों से भी आपूर्ति की मांग कर रहे हैं लेकिन विभाग लोगों की सुनने को तैयार नहीं है जिसके चलते वे सडक़ों पर उतरने को मजबूर हुए हैं। उन्होंने विभाग से आपूर्ति बहाल करने या फिर टैंकरों से अस्थायी तौर पर आपूर्ति की मांग की।

वहीं, मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना के बाद विभाग के ए.ई.ई. राजेश शर्मा व जे.ई ने मौके पर पहुंचकर लोगों को आश्वासन दिया कि बिजली का ट्रांसफार्मर बदल दिया गया है। बिजली आपूर्ति पिछले कुछ समय से बंद है, आपूर्ति बहाल होने पर पानी की सप्लाई कर दी जाएगी। बाद में थाना प्रभारी अमित सांघड़ा ने भी मौके पर पहुंच लोगों को समझाते हुए मार्ग से हटाया। करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन के चलते कॉलेज मार्ग पर यातायात बाधित रहा। जिसके चलते यातायात वाया ड्रीम लैंड मार्ग से होकर गुजरा।  
 

Monika Jamwal

Advertising