महात्मा गांधी अस्पताल को शिफ्ट करने का विरोध, शहरवासियों ने मार्ग जाम कर किया प्रदर्शन

Saturday, Oct 06, 2018 - 02:55 PM (IST)

कठुआ : मेडिकल कठुआ कॉलेज की कक्षाओं को महात्मा गांधी अस्पताल को शिफ्ट कर वहां लगाने का विरोध तेज हो गया है। शनिवार को शहरवासी इसके विरोध में सडक़ों पर उतर आए। अस्पताल को शिफ्ट न करने की मांग को लेकर लोगों ने अस्पताल के बाहर करीब एक घंटे तक मुखर्जी चौक-नगरी अड्डा मार्ग बंद रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि उन्हें कक्षाएं यहां लगाने से कोई परेशानी नहीं है। अगर अस्पताल को यहां से जिला अस्पताल शिफ्ट किया गया तो लोग इसके विरोध में आंदोलन को मजबूर हो जाएंगे। 


प्रदर्शनकारियों में कांग्रेसी नेता नरेश शर्मा, पैंथर्स जिला प्रधान राबिन शर्मा, कार्तिक शर्मा, भाजपा नेता प्रो. साई दास ने कहा कि इस अस्पताल पर क ठुआ शहर के साथ साथ अंधड का इलाका टिका हुआ है। यहां प्राथमिक उपचार के साथ साथ रात के समय अगर कोई भी बीमार पड़ता है तो यहां अस्पताल में उन्हें सुविधा होती है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की कक्षाएं यहां लगे इसके लिए उन्हें कोई एतराज नहीं है। अस्पताल की इमारत काफी बड़ी है और कक्षाएं भी वहां लगा सकती हैं लेकिन वे प्रशासन व सरकार से मांग करते हैं कि अस्पताल को जिला अस्पताल में शिफ्ट न किया जाए। अगर यह शिफ्ट किया गया तो लोगों को परेशानियां होंगी। कई लोग ऐसे भी हैं जो दवाएं, डाक्टर की सलाह लेने को लेकर जिला अस्पताल नहीं जा सकते।

अंधड़ के नगरी, खोख्याल, चन्नग्रां, जखबड़ आदि के लोग भी यहां आकर महात्मा गांधी अस्पताल में ओ.पी.डी. की सुविधा का लाभ लेते हैं। ऐसे में अस्पताल के शिफ्ट होने से तमाम लोगों को परेशानियां आएंगी लिहाजा प्रशासन इस दिशा में कदम उठाए। वहीं, कोआपरेटिव सोसाईटी के चेयरमैन राजेंद्र सिंह बब्बी ने कहा कि यह अस्पताल लोगों को सुविधाएं देता है लिहाजा इसे यहां से शिफ्ट नहीं किया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने काफी संख्या में विभिन्न संगठनो के सदस्यों में अक्षय भारती, बिशन भारती, अश्विनी शर्मा, अमरनाथ मेहरा सहित अन्य मौजूद रहे। 


वहीं, लोगों के विरोध के बाद डी.सी. कठुआ रोहित खजूरिया ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत करते हुए कहा कि अगर लोगो की मांग है तो फिर इसे शिफ्ट किया जाएगा। ऊपर के ब्लाक मेें कक्षाएं शुरू की जाएंगी। जबकि नीचे जैसे अस्पताल चल रहा है वैसे ही जारी रहेगा। उन्होंने लोगों को सडक़ से हटाने के बाद सी.एम.ओ. कार्यालय में प्रदर्शनकारियों से बातचीत करते हुए उचित कदम उठाने का भी भरोसा दिलाया। इस घोषणा के साथ ही लोगों ने खुशीपूर्वक डी.सी. कठुआ जिंदाबाद के नारे लगाते हुए उनका आभार जताया और कहा कि प्रशासन का यह कदम लोगों को सुविधा देने संबंधी है। 
 
 

Monika Jamwal

Advertising