सोनिया- राहुल की आपसी लड़ाई से नाखुश हैं प्रियंका गांधी

Wednesday, Oct 09, 2019 - 06:45 PM (IST)

नई दिल्ली: राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने और सोनिया गांधी के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी दो गुटों में बंट गई है। राहुल के पार्टी से दूर होने के बाद पार्टी के कई वरिष्ठ नेता कांग्रेस को छोड़ चुके हैं। बताया जाता है कि सोनिया गांधी ने राहुल गांधी गुट के युवा नेताओं को दरकिनार कर दिया है जिससे कांग्रेस सोनिया गांधी गुट और राहुल गांधी गुट में बंट गई है। सूत्रों ने बताया कि मौजूदा स्थिति में सोनिया और राहुल गांधी के बीच का टकराव खुलकर सामने आ गया है। बताया जा रहा है कि इस गुटबंदी से प्रियंका गांधी नाखुश हैं। प्रियंका द्वारा मां बेटे की इस लड़ाई को खत्म करने के कई प्रयासों के बाद भी दोनों नेता कई मामलों पर एक दूसरे को एक आंख नहीं भाते। स्थिति ये है कि मां और बेटे के वफादारों ने इस लड़ाई को मीडिया में उछालना शुरू कर दिया है।

सोनिया और राहुल के बीच मतभेद इतने गहरे हो गए हैं कि हरियाणा के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने सोनिया के करीबियों पर खुलेआम हमला करना शुरू कर दिया है। तंवर ने ये भी कहा कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र की कुछ नेताओं ने हत्या कर दी है। राहुल गांधी के वफादार तंवर के अलावा महाराष्ट्र कांग्रेस के संजय निरुपम ने कांग्रेस की आंतरिक कलह के लिए पार्टी नेताओं को दोषी ठहराया। प्रियंका के करीबी सूत्रों का कहना है कि वह सोनिया और राहुल की लड़ाई से खुश नहीं हैं क्योंकि दोनो नेताओं के वफादार एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं जिससे पार्टी को नुकसान हो रहा है। 

shukdev

Advertising