भाजपा सांसद अनिल बलूनी को आवंटित हुआ प्रियंका गांधी वाला सरकारी बंगला, BJP के हैं बड़े नेता

Monday, Jul 06, 2020 - 10:37 AM (IST)

नई दिल्लीः कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी लुटियंस जोन स्थित जिस बंगले में रहती हैं उसे अब बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख और राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी को आवंटित किया गया है। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

प्रियंका को 1 अगस्त तक खाली करना है बंगला
मंत्रालय ने गत एक जुलाई को प्रियंका गांधी के बंगले का आवंटन रद्द करते हुए कहा था कि वह एसपीजी सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद आवासीय सुविधा पाने की हकदार नहीं हैं। सरकार ने कांग्रेस की महासचिव को एक अगस्त तक मौजूदा आवास ‘35 लोधी एस्टेट' खाली करने को कहा है। सूत्रों ने बताया कि बलूनी ने स्वास्थ्य आधार पर आवास बदलने का अनुरोध किया था। कुछ समय पहले उनका कैंसर का इलाज हुआ था। हालांकि बलूनी ठीक हो गए है लेकिन उन्हें कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। बलूनी के वर्तमान निवास को उनके लिए पूरी तरह से उपयुक्त नहीं माना गया है। इसलिए उनको प्रियंका गांधी वाला बंगला देने पर विचार किया गया।

वापिस ली गई SPG सुरक्षा
मोदी सरकार ने पिछले साल नवंबर में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली थी तथा उन्हें जेड-प्लस श्रेणी सुरक्षा दी थी।

मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया था कि यह बंगला प्रियंका गांधी को 21 फरवरी, 1997 को आवंटित किया गया था क्योंकि उस वक्त उन्हें एसपीजी सुरक्षा मिली हुई थी। अधिकारी के मुताबिक जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा में इस तरह की सुविधा का प्रावधान नहीं होता और ऐसे में उन्हें यह बंगला खाली करना पड़ेगा।

Pardeep

Advertising