जामिया हिंसा पर भड़की प्रियंका गांधी, बोली- सुन लीजिए मोदी जी, युवा की आवाज दबेगी नहीं

Monday, Dec 16, 2019 - 10:47 AM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली के जामिया कैंपस के छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के प्रयोग को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने सरकार पर तानाशाही तरीका अपना कर छात्रों की आवाज़ दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि विश्वविद्यालयो में घुसकर पुलिस विद्यार्थियों का दमन कर रही है। 

वाड्रा ने ट्वीट कर लिखा कि देश के विश्वविद्यालयों में घुस घुसकर छात्रों को पीटा जा रहा है। जिस समय सरकार को आगे बढ़कर लोगों की बात सुननी चाहिए, उस समय भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार पूर्वोत्तर, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में विद्यार्थियों और पत्रकारों पर दमन के जरिए अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है। उन्होंने मोदी सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए लोगो की बात नही सुनने का आरोप लगाया और उसे कायर करार दिया।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि यह सरकर कायर है। वह जनता की आवाज़ से डरती है। उन्होंने कहा कि इस देश के नौजवानों, उनके साहस और उनकी हिम्मत को अपनी खोखली तानाशाही से दबाना चाहती है। यह भारतीय युवा हैं, सुन लीजिए मोदी जी, यह दबेगा नहीं, इसकी आवाज़ आपको आज नहीं तो कल सुननी ही पड़ेगी। 

गौरतलब हो कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देशभर के विश्वविद्यालयों में सरकार के खिलाफ विरोध हो रहे है। रविवार को यह प्रदर्शन हिंसक हो गया और तीन बसों को जला दिया गया। छात्रों पर दिल्ली पुलिस के लाठीचार्ज और आंसू गैस के प्रयोग ने दूसरे विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के छात्रों को भी भड़का दिया। 

vasudha

Advertising