राहुल गांधी पर हिमंत बिस्वा सरमा की टिप्पणी पर भड़की प्रियंका गांधी, बोलीं-मेरी मां को इस गंदगी में क्यों घसीटा

Sunday, Feb 20, 2022 - 09:19 AM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पूर्व कांग्रेसी और वर्तमान में असम से भाजपा के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर किए गए विवादास्पद टिप्पणी पर कहा कि उन्हें मेरी मां के बारे में ऐसा नहीं कहना चाहिए था। वह शहीद की विधवा हैं। मेरी मां ने देश के लिए अपने जीवन को समर्पित किया है।

 

असम के सीएम के विवादित बयान पर रोष जाहिर करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि उनकी मां ने अपने पति (राजीव गांधी) को अपने आंखों के सामने शहीद होते देखा है। कांग्रेस महासचिव ने कहा, "उन्हें (हिमंत बिस्वा सरमा) उनके बारे में ऐसी बातें कहने की क्या जरूरत थी? आखिर मेरी मां को इस गंदगी में घसीटने की क्या जरूरत थी?" 

 

क्या कहा था हिमंत बिस्वा सरमा ने?
बता दें कि हाल ही संपन्न हुए उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ उस संदर्भ में विवादास्पद टिप्पणी की थी। जिसमें राहुल गांधी ने उत्तराखंड चुनाव प्रचार के दौरान मोदी सरकार से पाकिस्तान में सेना के ऑपरेशन का कथित तौर पर सबूत मांगा था।

 

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने उत्तराखंड के एक चुनावी रैली में राहुल गांधी के कथित तौर पर सेना के ऑपरेशन का सबूत मांगने पर कहा था, "अगर हमारे सैनिकों ने कहा है कि उन्होंने पाकिस्तान के अंदर हमला किया है, तो यह अंतिम सत्य है। क्या आप बिपिन रावत या सैनिकों पर विश्वास नहीं करते हैं? क्या हमने कभी पूछा है कि क्या आप वास्तव में राजीव गांधी के बेटे हैं या नहीं? तो आपको भी सैनिकों के अपमान का कोई हक नहीं है। अपने इस बयान को लेकर असम के सीएम विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं।
 

Seema Sharma

Advertising