प्रियंका की मदद लेकर राहुल गांधी ने माना वो अकेले राजनीति नहीं कर सकते: सुमित्रा महाजन

Friday, Jan 25, 2019 - 12:40 AM (IST)

नई दिल्ली: प्रियंका गांधी की कांग्रेस में औपचारिक एंट्री होने के बाद लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने तंज कसा है। उन्होंने कहा, 'प्रियंका गांधी एक अच्छी महिला हैं और राहुल गांधी ने यह स्वीकार किया था कि वह अकेले राजनीति नहीं कर सकते. इसीलिए वह प्रियंका की मदद ले रहे हैं। यह एक अच्छी बात है। 



इससे पहले प्रियंका गांधी वाड्रा के कांग्रेस में औपचारिक प्रवेश को ‘पारिवारिक गठबंधन’ करार देते हुए भाजपा ने कहा था कि यह कांग्रेस द्वारा इस बात की स्वीकारोक्ति है कि राहुल गांधी नेतृत्व प्रदान करने में ‘‘विफल’’ रहे हैं । भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि प्रस्तावित महागठबंधन में विभिन्न दलों से ‘खारिज’ किए जाने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने ‘पारिवारिक गठबंधन’ को अपनाया है। उन्होंने कहा, ‘‘ कांग्रेस ने वास्तव में सार्वजनिक तौर पर घोषणा कर दी है कि राहुल गांधी विफल हो गए हैं। यह महागठबंधन के दलों द्वारा खारिज किए जाने के कारण हुआ है और ऐसे में उन्होंने पारिवारिक गठबंधन को चुना । ’’ 



आपको बतां दे कि केंद्र में सत्ता के लिए अहम उत्तर प्रदेश में हाशिए पर पहुंच चुकी कांग्रेस ने नेहरु गांधी परिवार के एक और सदस्य प्रियंका गांधी वाड्रा के रुप में तुरुप का इक्का चल दिया है जिससे प्रदेश के राजनीतिक माहौल में निश्चित रुप से बड़ा बदलाव आयेगा लेकिन पार्टी को इससे कितना फायदा मिलता है, इसका पता आने वाले आम चुनाव के बाद ही लग सकेगा।



कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रियंका को पार्टी महासचिव नियुक्त कर उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से का प्रभारी बनाया है। वह फरवरी के पहले सप्ताह में अपना कार्यभार संभालेंगी। इस बार कांग्रेस ने यूपी में अपनी डूबी नैया को पार लगाने के लिए प्रियंका गांधी पर लगाया दांव काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 

Anil dev

Advertising