भाजपा सरकार पर भड़की प्रियंका गांधी, कहा- पूरा प्रशासन चिन्मयानंद को लगा रहा है गले

Sunday, Sep 29, 2019 - 01:21 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री चिन्मयानंद मामले में उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर एक बार फिर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज नहीं किया गया है और प्रशासन पूर्व केन्द्रीय मंत्री को ‘बचा' रहा है।

प्रियंका ने ट्वीट किया कि महज एक साल पहले शाहजहांपुर के कई प्रशासनिक अधिकारी चिन्मयानंद की आरती उतारते दिखे। मामला अखबारों में उछला था। कांग्रेस महासचिव ने लिखा कि बलात्कार पीड़िता द्वारा पूरी आपबीती कहने के बावजूद बलात्कार का मुकदमा दर्ज नहीं हुआ, कैसे होता? जब पूरा महकमा गले लगाकर उनका बचाव कर रहा था।

दरअसल कानून की एक छात्रा ने चिन्मयानंद पर बलात्कार का आरोप लगाया था। बाद में 23 वर्षीय छात्रा को पांच करोड़ रुपये मांगने के आरोप में विशेष जांच दल :एसआईटी: ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया था। उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। वहीं चिन्मयानंद भी न्यायिक हिरासत में है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

vasudha

Advertising