अकबर के इस्तीफे के बाद प्रिया रमानी बोली- सही साबित हुए हमारे आरोप

Wednesday, Oct 17, 2018 - 05:42 PM (IST)

नेशनल डेस्क:  यौन शोषण के आरोपों में घिरे विदेश राज्य मंत्री एम जे अकबर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस कदम के बाद महिला पत्रकार प्रिया रमानी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने ट्वीट कर इस फैसले पर खुशी जताई। 


प्रिया रमानी ने लिखा कि अकबर के इस्तीफे से हमारे आरोप सही साबित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अब उस दिन का इंतजार है, जब हमें कोर्ट से न्याय मिलेगा। बता दें कि इससे पहले एम जे अकबर ने मी टू अभियान में यौन शोषण के आरोप लगाये जाने पर प्रिया रमानी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। अकबर ने विदेश यात्रा से लौटने के बाद अपने ऊपर 10 से अधिक महिलाओं के लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया था।


बता दें रमानी ने ‘मी टू’ अभियान के तहत एम जे अकबर के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। मंगलवार को 19 महिला पत्रकार प्रिया रमानी के समर्थन में सामने आई थीं। इन महिला पत्रकारों ने एक संयुक्त बयान में अदालत से आग्रह किया था कि अकबर के खिलाफ उन्हें सुना जाए। महिला पत्रकारों ने दावा किया था कि कि उनमें से कुछ का अकबर ने यौन उत्पीड़न किया और अन्य इसकी गवाह हैं। 

vasudha

Advertising