प्रधानमंत्री मोदी असम का दो दिवसीय दौरा करेंगे, 47,600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की करेंगे शुरुआत

punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 11:44 AM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने दो दिवसीय दौरे के तहत शुक्रवार दोपहर को असम पहुंचेंगे और इस दौरान वह विधानसभा चुनाव से पहले लगभग 47,600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री आज दोपहर कोकराझार पहुंचेंगे और वहां 4,570 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।

PunjabKesari

इसके बाद वह गुवाहाटी जाएंगे और वहां 19,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। यह पिछले चार महीनों में मोदी का राज्य का चौथा दौरा होगा। मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ''कोकराझार, गुवाहाटी, सिलचर और कोलकाता में होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए मैं अगले दो दिनों तक असम और पश्चिम बंगाल में रहूंगा।

ये कार्यक्रम इन दोनों राज्यों के लोगों के साथ बातचीत का एक अच्छा अवसर प्रदान करेंगे। साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया जाएगा।'' मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ''असम के लोग आज नरेन्द्र मोदी के आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

PunjabKesari

हमने अंतिम तैयारियां पूरी कर ली हैं। अगले 48 घंटों में 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं जनता को समर्पित की जाएंगी।'' कोकराझार में मोदी असम माला 3.0 के लिए 'भूमि पूजन' करेंगे, जो सड़क अवसंरचना की एक प्रमुख पहल है। इस योजना के तहत 900 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जाएगा जिससे अंतर-राज्यीय संपर्क में सुधार होगा और राष्ट्रीय राजमार्गों एवं ग्रामीण सड़कों के बीच संबंध मजबूत होंगे।

PunjabKesari

वह बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) क्षेत्र में लगभग 1,100 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित किए जाने वाले चार फ्लाईओवर और दो पुल का 'भूमि पूजन' भी करेंगे। मोदी गुवाहाटी के राजकीय अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे और शनिवार को सिलचर के लिए रवाना होंगे जहां वे लगभग 23,550 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। असम में विधानसभा चुनाव अप्रैल में होने की संभावना है जिसमें सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का प्रयास कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News