PM मोदी ने बाढ़ ग्रस्त असम की मदद का किया वादा, CM सोनोवाल से की बात

Monday, Aug 14, 2017 - 04:26 PM (IST)

नई दिल्ली: असम में बाढ़ की बिगड़ती स्थिति के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से आज बात की और राज्य को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया। प्रधानमंत्री ने रविवार को भी मुख्यमंत्री से बात की थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार असम में बाढ़ की स्थिति पर लगातार करीबी नजर रख रही है।  प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘पीएम ने असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से राज्य में बाढ़ की स्थित को लेकर बात की।’’

मोदी ने कहा, ‘‘राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ की मौजूदा स्थिति से निपटने के लिए असम को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है।’’ अधिकारियों के मुताबिक असम में बाढ़ की स्थिति हाल के दिनों में बिगड़ी है और इसकी वजह से कम से कम 99 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश के 21 जिलों में करीब साढ़े 22 लाख लोग इससे प्रभावित हैं। राज्य में राहत कार्य के लिए सेना बुलाई गई है।

बाढ़ की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग 37 पर गाडिय़ों की आवाजाही प्रभावित हुई जो इन दोनों इलाकों की जीवनरेखा माना जाता है। प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्रा ने असम के मुख्य सचिव वी के पीपरसेनिया से राज्य में बाढ़ के मौजूदा दौर से हुई तबाही और नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को कहा है।

Advertising