प्रधानमंत्री मोदी ने नवरात्रि कार्यक्रम में की शिरकत, की आरती, देखा गरबा
Thursday, Oct 03, 2019 - 12:06 AM (IST)
अहमदाबादः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अपने गृह राज्य गुजरात में नवरात्रि के मौके पर आयोजित मुख्य सरकारी समारोह वायब्रेंट गुजरात नवरात्रि आयोजन में भाग लिया और देवी दुर्गा की आरती के बाद मनोहारी गरबे का अवलोकन भी किया।
आज शाम ही संक्षिप्त दौरे पर यहां आये मोदी ने शहर के बीचो बीच स्थित जीएमडीसी मैदान पर आयोजित नवरात्रि कार्यक्रम में भाग लिया। वह रात नौ बज कर 20 मिनट पर यहां पहुंचे और लगभग 30 मिनट तक यहां रहे। उन्होंने नवरात्रि के चौथे दिन मां दुर्गा की पारंपरिक आरती में भाग लिया।
#WATCH Gujarat: Prime Minister Narendra Modi offers prayers at a #Navratri event in Ahmedabad. pic.twitter.com/USfqQofqcR
— ANI (@ANI) October 2, 2019
बंद गले का ऊजला कुर्ता और पजामा तथा लाल रंग की चुंदरी गले में बांधे मोदी ने लगभग दस मिनट तक माता की आरती की। इस मौके पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी तथा उपमुख्यमंत्री नीतिन पटेल भी उपस्थित थे।
बाद में उन्होंने विशाल संख्या में गरबा के खेलैयाओें (गरबा नृत्य करने वालों) की मौजूदगी में मंच पर बैठ कर इसका आनंद लिया। इस अवसर पर जाने माने गायक कीर्तिदान गढ़नी ने स्वच्छता के थीम पर विशेष गरबा भी गाया। इससे पहले श्री मोदी का यहां हवाई अड्डे पर सम्मान किया गया था। बाद में वह गांधी जी के साबरमती आश्रम गये थे और साबरमती रिवरफ्रंट पर सरपंचों के महास्म्मेलन में भी भाग लिया था।