प्रधानमंत्री ने टाटानगर से बादाम पहाड़ डेमू ट्रेन का किया शुभारंभ

Saturday, Jan 05, 2019 - 11:27 PM (IST)

जमशेदपुरः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के टाटानगर से बादाम पहाड़ के बीच डेमू सवारी ट्रेन का वीडियो लिंक के जरिये शुभारंभ किया। मोदी ने ओडिशा के बारीपदा से वीडियो लिंक के जरिए ट्रेन संख्या 78029/ 78030 टाटानगर-बादामपहाड़ डेमू सवारी गाड़ी का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। वहीं झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने टाटानगर रेलवे स्टेशन से हल्दीपोखर तक की यात्रा इस ट्रेन से की।

मुर्मू ने कहा कि जमशेदपुर-बादाम पहाड़ डेमू 107 साल के बाद दूसरी ट्रेन है, जिसका परिचालन शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 107 साल के लंबे इंतजार के बाद और स्वाधीनता के 70 से अधिक वर्षों के बाद आज टाटानगर-बादाम पहाड़ तक दूसरी ट्रेन का परिचालन शुरू हुआ है। इसके लिए केंद्रीय रेल मंत्रालय के साथ ही यहां के अधिकारी भी बधाई के पात्र हैं।

राज्यपाल ने कहा कि जमशेदपुर इस्पात उद्योग के लिए कच्चे माल का स्रोत बादाम पहाड़ के लौह अयस्क है। टाटा-बादाम पहाड़ जो सिंगल रेलवे लाइन है इसका इतिहास रहा है। जमशेदपुर में टाटा स्टील के कारखानों के लिए अयस्क बादाम पहाड़, गुरुमहिषानी और सुलईपत से आता है। वहां से लौह अयस्क लेकर यहां औद्योगिक क्षेत्र विकसित हुआ है इसीलिए वर्ष 1910 में यह रेलवे लाइन बनी था। इससे लौह अयस्क यहां आ सके और उत्पादन हो सके। उन्होंने कहा कि रेलवे परिचालन शुरू होने की बात से ही क्षेत्र के लोगों में बहुत हर्ष है।

मुर्मू ने कहा कि बादाम पहाड़ से टाटानगर की दूरी 70-80 किलोमीटर है। वहां के लोगों की निर्भरता टाटानगर पर अधिक है। राज्य की राजधानी से बादाम पहाड़ की दूरी लगभग 400 किलोमीटर होने के कारण आर्थिक ²ष्टिकोण से जमशेदपुर- टाटानगर पर अधिक निर्भर करते हैं। उन्होंने कहा कि बादाम पहाड़ आदिवासी बहुल क्षेत्र है। रेलवे परिचालन होने से वहां के लोगों का सामाजिक आर्थिक विकास सुनिश्चित होगा। व्यापारी वर्ग भी जमशेदपुर के ऊपर निर्भर करते हैं। रोज सैकड़ों लोग यहां आना जाना करते हैं। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन चलने से लोगों का व्यवसाय और भी उन्नति करेगा। प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बहुत सारे लोग लाभान्वित होंगे।

Yaspal

Advertising