NDA की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज आएंगी जयपुर ,मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

Wednesday, Jul 13, 2022 - 03:42 AM (IST)

नई दिल्लीः केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की राष्ट्रपति पद उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupdi Murmu) बुधवार (13 जुलाई) को जयपुर आएंगी। द्रौपदी मुर्मू बुधवार को सुबह 9.15 पर जयपुर हवाई अड्डे पहुंचेगी और 10 बजे एक होटल में उनका भाजपा सांसदों (लोकसभा/राज्यसभा) व विधायकों से व्यक्तिगत मुलाकात का कार्यक्रम है। 

उधर, गुजरात दंगा मामलों में अहमदाबाद अपराध शाखा सामाजिक कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड़ और आरबी श्रीकुमार के बाद अब भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी आईपीएस संजीव भट्ट को भी गिरफ्तार कर लिया है। अहमदाबाद अपराध शाखा की टीम ने लंबे समय से बनासकांठा जेल में बंद संजीव भट्ट को मंगलवार के दिन गिरफ्तार किया है। भट्ट को धन के गबन और जाली दस्तावेजों के आरोप में गिरफ्तार किया है।

आज दिखेगा इस साल का सबसे बड़ा सुपरमून 
बुधवार को एक बार फिर पृथ्वी सुपरमून का गवाह बनेगा। NASA के मुताबिक 13 जुलाई को साल 2022 का सबसे बड़ा सुपरमून देखने को मिलेगा। सुपरमून अगले 2-3 दिनों तक दिखेगा। भारतीय समय के मुताबिक इसे गुरुवार की सुबह 12:08 AM. पर देखा जा सकता है। इसी दौरान पूर्णिमा भी पड़ेगी। जो अगले 2-3 दिन दिखेगी। हालांकि ये पूर्णिमा नहीं होगी, लेकिन कुछ उसी तरह से दिखाई देगी। इसका सबसे बड़ा कारण चांद का आकार होगा। 

राष्ट्रपति चुनाव के लिए आज पहुंचेगी मतदान सामग्री
आगामी 18 जुलाई को भारत के 16वें राष्ट्रपति के लिए होने वाले मतदान के लिए नई दिल्ली से निर्वाचन सामग्री 13 जुलाई को रायपुर पहुंचेगी। सहायक रिटर्निंग अधिकारी श्री दिनेश त्रिवेदी और उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री विनय कुमार अग्रवाल मतपेटी, मतपत्र एवं अन्य सामग्री लेकर शाम 07:45 बजे के नियमित विमान से माना स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचेंगे। दोनों अधिकारियों के साथ राष्ट्रपति चुनाव के लिए उपयोग होने वाली मतपेटी के लिए भी विमान में डिजिग्नेटेड एयर टिकट आरक्षित की गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतपेटी की सुरक्षा के लिए उसे चेक-इन-बैगेज  में रखने की मनाही है। 

गुजरात-महाराष्ट्र में भारी बारिश, खराब मौसम की वजह से हुए हादसों में कम से कम 18 लोगों की मौत 
देश के कई राज्यों में बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुजरात और महाराष्ट्र में तो हाहाकार मचा हुआ है। गुजरात के कई जिलों में बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। यहां अब तक 61 लोगों की मौत की खबर है। वहीं महाराष्ट्र और गुजरात में पिछले एक दिन में वर्षा के कारण हुए हादसों में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। 

PM मोदी ने किया देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने नवनिर्मित देवघर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की यहां स्थित कुछ सुविधाओं समेत कुल मिलाकर 16,800 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन तथा शिलान्यास किया। इसके बाद पीएम ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड को विश्व से कनेक्ट करना हमारा मकसद है। 

President Election: शिवसेना करेगी मुर्मू का समर्थन, राउत ने बताई यह वजह 
शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेगी। ठाकरे ने कहा कि शिवसेना बिना किसी दबाव के मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा कर रही है। 

दार्जिलिंग में दिखा ममता का अनोखा अंदाज, सड़क किनारे स्टॉल लगाकर बच्चों को परोसी ‘पानी पुरी'
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोगों से जुड़ने का अभिनव तरीका अपनाते हुए दार्जिलिंग के दौरे के दौरान मंगलवार को सड़क किनारे एक स्टॉल पर पानी पुरी बनाई और बच्चों एवं पर्यटकों को उसे परोसा।   


 

Pardeep

Advertising