राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अगले सप्ताह क्रोएशिया, बोलिविया और चिली की यात्रा पर जाएंगे

Friday, Mar 22, 2019 - 10:56 PM (IST)

नई दिल्लीः राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अगले सप्ताह क्रोएशिया, बोलिविया और चिली के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह इन देशों को नेताओं से मुलाकात कर व्यापार, निवेश तथा नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में संबंध मजबूत बनाने पर चर्चा करेंगे।    विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) विजय ठाकुर ने बताया कि राष्ट्रपति सबसे पहले 25 से 28 मार्च के बीच क्रोएशिया की यात्रा पर जाएंगे। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की इस यूरोपीय देश की पहली यात्रा होगी। 

उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान राष्ट्रपति भारत-क्रोएशिया व्यापार मंच के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वह जगरेब विश्वविद्यालय में संबोधन भी देंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति कोविंद क्रोएशिया की राष्ट्रपति कोलिंदा ग्रेबर-कितेरोविक और प्रधानमंत्री एंद्रेज लेन्कोविक के साथ बैठक करेंगे। 

ठाकुर ने बताया कि क्रोएशिया के बाद राष्ट्रपति 28 मार्च को तीन दिवसीय दौरे पर बोलिविया जाएंगे। भारत और बोलिविया के बीच राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद भारत की ओर से यह पहली उच्चस्तरीय यात्रा होगी। ठाकुर ने कहा कि इसके बाद 30 मार्च को वह चिली रवाना होंगे। कोविंद दो अप्रैल को वापस लौटेंगे। राष्ट्रपति कुछ समय दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन शहर में रुकेंगे जहां वह दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला को श्रद्धांजलि देंगे और भारतीय समुदाय के साथ बातचीत करेंगे।     

Pardeep

Advertising