गोगोई के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और पीएम मोदी ने जताया शोक

Monday, Nov 23, 2020 - 07:48 PM (IST)

नई दिल्लीः असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। कोविंद ने सोमवार को ट्वीट के जरिये अपने शोक संदेश में कहा,' देश ने समृद्ध राजनीतिक एवं प्रशासकीय अनुभव वाला नेता खो दिया है। मुख्यमंत्री के रूप में उनका लबा कार्यकाल असम के लिए बदलाव का युग था।‘‘ उन्होंने कहा, 'उन्हें ( गोगोई को) असम के विकास, खासकर राज्य ने उग्रवाद से संघर्ष और कानून व्यवस्था में सुधार के लिए सदा याद किया जाएगा।' राष्ट्रपति ने असम के तीन बार मुख्यमंत्री रहे  गोगोई के निधन को एक युग का अंत करार देते हुए कहा,'दु:ख की इस घड़ी में उनके शोक संतप्त परिजनों, दोस्तों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।' 


वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया और कहा कि वह एक लोकप्रिय नेता और वरिष्ठ प्रशासक थे, जिनके पास असम के साथ-साथ केंद्र में भी काम करने का वर्षों का लंबा राजनीतिक अनुभव था। गोगोई का सोमवार को गुवाहाटी में निधन हो गया। पिछले दिनों वह कोविड-19 से संक्रमित हुए थे और उपचार के बाद ठीक हो गए थे लेकिन स्वास्थ्य संबंधी कुछ जटिलताओं के कारण उन्हें फिर से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गोगोई 84 साल के थे।


मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘तरुण गोगोई एक लोकप्रिय नेता और वरिष्ठ प्रशासक थे, जिनके पास असम के साथ-साथ केंद्र में भी काम करने का वर्षों का लंबा राजनीतिक अनुभव था। उनके निधन से गहरा धक्का लगा है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और समर्थकों के साथ है।'' गोगोई 2001 से तीताबोर विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। वह छह बार सांसद भी रहे और दो बार केंद्रीय मंत्री बने।

 

 

 

Yaspal

Advertising