Prateek Yadav Death: अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का लखनऊ में निधन
punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 08:43 AM (IST)
Prateek Yadav Death: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के परिवार से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है। उनके सौतेले भाई Prateek Yadav का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वह महज 38 वर्ष के थे। जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। हालत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर सामने आते ही यादव परिवार, समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर फैल गई। वहीं, प्रतीक यादव की बॉडी पोस्टमार्टम के लिए भेजी गई है।
प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री Mulayam Singh Yadav और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के छोटे बेटे थे। वह बीजेपी नेता Aparna Yadav के पति थे। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें मेदांता अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और उन्हें घर भेज दिया गया था। हालांकि, बीते कुछ दिनों से वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं थे।
श्री प्रतीक यादव जी का निधन, अत्यंत दुखद!
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) May 13, 2026
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
विनम्र श्रद्धांजलि!
सूत्रों के अनुसार, फिटनेस को लेकर बेहद सजग रहने वाले प्रतीक यादव नियमित जिम करते थे। उनके बारे में यह भी चर्चा रही कि वह कई तरह की दवाइयां ले रहे थे, लेकिन उनकी बीमारी क्या थी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। राजनीति से दूरी बनाकर रखने वाले प्रतीक यादव बिजनेस और फिटनेस सेक्टर में एक्टिव थे। उन्होंने यूनाइटेड किंगडम में स्थित University of Leeds से MBA की पढ़ाई की थी। लखनऊ में उनका जिम और फिटनेस से जुड़ा कारोबार भी था।
हालांकि उनका परिवार लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहा, लेकिन प्रतीक यादव ने कभी चुनाव नहीं लड़ा और न ही पार्टी में कोई बड़ी जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह राजनीति से दूर रहकर अपने कारोबार पर ध्यान देना चाहते हैं। फिलहाल उनका शव अस्पताल में रखा गया है और परिवार के करीबी लोग वहां पहुंच रहे हैं। अंतिम संस्कार को लेकर परिवार की ओर से जल्द जानकारी दी जा सकती है।
