नाराजगी की अटकलों के बीच ममता के साथ प्रशांत किशोर ने साझा किया मंच, अभिषेक बनर्जी भी रहे मौजूद

punjabkesari.in Wednesday, Mar 09, 2022 - 12:18 PM (IST)

नेशनल डेस्क: तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने i-pac से अलग होने की सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए मंगलवार को यहां पार्टी की एक बैठक में चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के साथ मंच साझा किया। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी यहां नजरूल मंच पर तृणमूल कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक के दौरान मौजूद थे। इस अवसर पर एक नई प्रदेश समिति के गठन की घोषणा करने वालीं टीएमसी प्रमुख को कार्यक्रम में किशोर के साथ बातचीत करते देखा गया।

 

TMC के वरिष्ठ नेता सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा कि i-pac और TMC के बीच मतभेद पैदा होने की कुछ खबरें आई थीं। लेकिन राजनीति में कुछ भी स्थिर नहीं है। समय के साथ स्थितियां बदलती हैं। यह अच्छा है कि हम सभी एक साथ काम कर रहे हैं। निकाय चुनावों के लिए उम्मीदवारों की सूची को लेकर सत्तारूढ़ TMC में हाल में हुई खींचतान ने TMC और किशोर के नेतृत्व वाले i-pac के बीच संबंधों में कथित तनाव को सामने ला दिया था।

 

मीडिया के एक धड़े में यह भी कहा गया था कि दोनों की राहें अलग हो सकती हैं। i-pac ने मीडिया की खबरों को ‘निराधार' करार दिया था, लेकिन TMC के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने आरोप लगाया था कि i-pac और किशोर पार्टी के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप कर रहे हैं। TMC ने 2019 के लोकसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद किशोर और उनकी कंपनी i-pac को 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए अपना अभियान और चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए काम पर रखा था। पिछले साल विधानसभा चुनाव में TMC की भारी जीत के बाद इसने i-pac के अनुबंध को 2026 तक बढ़ा दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Related News