रात 2 बजे गोवा के मुख्यमंत्री बने प्रमोद सावंत, राज्य को 2 डिप्टी CM भी मिले

Tuesday, Mar 19, 2019 - 11:15 AM (IST)

पणजी: भाजपा विधायक प्रमोद सावंत ने गोवा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही दो उपमुख्यमंत्री विजय सरदेसाई और सुदीन धावलीकर ने शपथ ली। सभी को राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने शपथ दिलाई। गोवा में देर रात करीब 1 बजकर 52 मिनट पर शपथ ग्रहण समारोह हुआ। गोवा के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी सरकार का रात में करीब 2 बजे शपथ ग्रहण समारोह किया गया हो। दो उपमुख्यमंत्री गोवा फॉरवर्ड पार्टी के प्रमुख विजय सरदेसाई और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के विधायक सुदीन धावलीकर ने भी शपथ ली। भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा,‘हम गठबंधन के सहयोगियों को राजी करने में सफल रहे और राज्य के लिए दो उपमुख्यमंत्रियों के फार्मूले को अंतिम रूप दिया।’ 



शपथ ग्रहण से पहले प्रमोद सावंत ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि आज जो कुछ भी हूं पर्रिकर की वजह से हूं। पर्रिकर ही मुझे राजनीति में लाए। पर्रिकर की वजह से ही विधायक बना और अब मुख्यमंत्री बन रहा हूं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी दी है। इसे अच्छी तरह निभाऊंगा।

 

CM के नाम की घोषाणा के बाद एमजीपी ने दिया समर्थन
भाजपा नेता नितिन गडकरी ने देर रात तक भाजपा विधायकों और सहयोगी दलों के साथ बैठक कर प्रमोद सावंत के नाम पर सभी को राजी किया। इसके बाद वह समर्थन पत्र लेकर राज्यपाल के पास पहुंचे और सरकार बनाने का दावा पेश किया। वहीं राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने देर रात करीब 2 बजे प्रमोद सावंत को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई और सुधीन धावलीकर और विजय सरदेसाई ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। 

पार्रिकर के निधन के बाद 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में सदस्यों की संख्या 36 रह गई है। भाजपा विधायक फ्रांसिस डिसूजा का गत महीने निधन हो गया था जबकि दो कांग्रेस विधायकों ने पिछले साल इस्तीफा दे दिया था। उल्लेखनीय है कि पार्रिकर (63) का पणजी के पास उनके निजी आवास पर रविवार शाम निधन हो गया। वह पिछले एक साल से अग्नाशय संबंधी कैंसर से जूझ रहे थे।

Seema Sharma

Advertising