राहुल संसद में चर्चा से बचते हैं, विदेश की धरती पर राजनीतिक बयान देते हैं : प्रह्नाद जोशी
punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 05:19 PM (IST)
नेशनल डेस्क: केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्नाद जोशी ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर संसदीय संस्थाओं की लगातार उपेक्षा का आरोप लगाया और कहा कि वह सदन में सार्थक चर्चा से बार-बार बचते हैं तथा विदेश की धरती पर राजनीतिक बयान देना पसंद करते हैं। जोशी ने कहा कि कांग्रेस ने प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर चर्चा और गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग की थी, जिस पर सरकार सहमत भी हो गई थी, लेकिन विपक्ष ने ''पीछे हटने का विकल्प चुना।''
जोशी ने 'एक्स' पर कहा, ''कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की संसदीय संस्थाओं के प्रति लगातार उपेक्षा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मानसून सत्र में व्यवधान उस व्यक्ति के अहंकार को दर्शाता है, जो संसद में सार्थक बहस से बार-बार बचता है और विदेश की धरती पर राजनीतिक बयान देना पसंद करता है।'' उन्होंने कहा, ''95 बार जनता द्वारा नकारे जाने के बावजूद कांग्रेस नेता अपनी बार-बार की विफलताओं से सीखने को तैयार नहीं दिखते।'' उन्होंने कांग्रेस नेताओं के आचरण को ''निंदनीय'' और ''संसदीय लोकतंत्र के साथ कुठाराघात'' बताया। मंत्री ने कहा, ''कांग्रेस ने चर्चा और गृह मंत्री के बयान की मांग की थी और सरकार इस पर सहमत हो गई। लेकिन जब अवसर आया, तो जिस व्यक्ति ने इसकी मांग की थी, उसी ने पीछे हटने का विकल्प चुना।''
