घुसपैठ पर अपना रुख स्पष्ट करें ममता बनर्जी: पूनम महाजन

punjabkesari.in Saturday, Aug 11, 2018 - 03:06 PM (IST)

कोलकाता: बीजेवायएम की अध्यक्ष पूनम महाजन ने आज घुसपैठ के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोला है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस से राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीति ना करने की अपील की है। कोलकाता में आज दोपहर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैली से पहले महाजन ने यह बयान दिया। भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजवाएस) ने ही इस रैली का आयोजन किया है। 

सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीति बंद करे टीएमसी 
महाजन ने पत्रकारों से कहा कि ममता बनर्जी ने घुसपैठ के मुद्दे पर पलटी मारी है। पहले उन्हें इस बात का जवाब देना होगा कि उन्होंने ऐसा क्यों किया। हमें लगता है कि तृणमूल को राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीति करना बंद कर देना चाहिए। पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र के खतरे में होने का आरोप लगाते हुए महाजन ने कहा कि तृणमूल भाजपा कार्यकर्ताओं को अमित शाह की रैली स्थल पर पहुंचने से रोकने के लिए हर तरीका आजमा रही है।   

लोकतंत्र को कुचला जा रहा 
महाजन ने कहा कि रोजाना हमारे कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जाता है। हमें रिपोर्टें मिल रही हैं कि हमारे कार्यकर्ताओं पर हमला किया जा रहा है और उन्हें रैली में आने से रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह देखना काफी दर्दनाक है कि कैसे तृणमूल शासन के अधीन राज्य में लोकतंत्र को कुचला जा रहा है। गौरतलब है कि ममता बनर्जी ने असम राष्ट्रीय नागरिक पंजी पर काफी मुखरता से अपने विचार व्यक्त किए हैं।      
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News