लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद कर्नाटक में होगी राजनीतिक उथल-पुथल: येदियुरप्पा
Saturday, May 04, 2019 - 06:51 PM (IST)
बेंगलुरु: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बी एस येदियुरप्पा ने कहा कि लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद कर्नाटक में राजनीतिक ध्रुवीकरण होगा और 23 मई को मतगणना के बाद राज्य में राजनीतिक उथल-पुथल मचेगी। येदियुरप्पा ने कहा, ‘ कर्नाटक में सब कुछ लोकसभा चुनाव परिणाम पर निर्भर रहेगा, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लहर चल रही है, इसके बाद राज्य में राजनीतिक उथल-पुथल होगी। राज्य के लोग इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। जनता दल (सेक्युलर)-कांग्रेस गठबंधन सरकार पर संकट के बादल छाए हुए हैं क्योंकि मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी, कांग्रेस के नेता सिद्धारमैया और जनता दल (सेक्युलर) के अध्यक्ष एच डी देवेगौड़ा अलग-अलग लहजे में बात कर रहे हैं। मेरा मानना है कि लोकसभा चुनाव परिणाम से इन सभी पर विराम लग जाएगा।'
पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने विश्वास जताते हुए कहा कि भाजपा चिंचोली और कुंडागोल दोनों ही विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में जीत दर्ज करेगी। राज्य की इन दोनों सीटों पर 19 मई को उपचुनाव होना है। भाजपा नेता ने कहा कि उन्होंने तिरुपति में मोदी की जीत की कामना की है ताकि वह लोगों के आशीर्वाद से दोबारा प्रधानमंत्री बने।