चुनाव प्रणाली में सुधार किए बिना नहीं खत्म होगा राजनीतिक भ्रष्टाचार: अन्ना

punjabkesari.in Tuesday, Feb 27, 2018 - 07:55 PM (IST)

सीतापुर: समाजसेवी अन्ना हजारे ने केन्द्र की मोदी सरकार पर कमजोर लोकपाल विधेयक लाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि देश की चुनाव प्रणाली में सुधार किए बगैर राजनीतिक भ्रष्टाचार का खात्मा नहीं होगा। अन्ना ने कहा कि उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेसनीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के कार्यकाल में लोकपाल के लिए आंदोलन चलाया था। उस वक्त प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह ने जनता से छल करते हुए आश्वासन के बावजूद लोकपाल विधेयक पेश नहीं किया। बाद में आई मोदी सरकार कमजोर लोकपाल विधेयक लाई।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा लाए गए विधेयक, जिसमें सरकारी अधिकारियों के परिजन की सम्पत्तियों का हर साल ब्यौरा दिए जाने की अनिवार्यता थी, उसे वापस ले लिया गया। मोदी सरकार भ्रष्टाचार मुक्त तंत्र बनाने की बात तो करती है लेकिन उसमें सशक्त लोकपाल बनाने की इच्छा नहीं दिखती। अन्ना ने कहा कि जब तक देश की चुनाव प्रणाली में सुधार नहीं होगा, तब तक न तो राजनीतिक भ्रष्टाचार समाप्त होगा और न ही लोगों का भला होगा। उन्होंने कहा कि वह सशक्त लोकपाल, किसानों को उनकी उपज का दाम दिलाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आगामी 23 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में जनांदोलन शुरू करेंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News