पुलिसकर्मी बना हैवान, डेढ़ साल की बच्ची को सिगरेट से जलाया

Saturday, Oct 31, 2020 - 05:27 PM (IST)

नेशनल डेस्क: नशे में धुत पुलिसकर्मी ने डेढ़ साल की मासूम के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक पुलिसकर्मी ने पूर्व मकान मालकिन की डेढ़ साल की बेटी की पिटाई करने के बाद सिगरेट से इसलिए जला दिया, क्योंकि वह उसे पापा नहीं बोल रही थी। वहीं, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


बालोद जिले के पुलिस अधिकारियों ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने कॉन्स्टेबल अविनाश राय को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि बीते गुरूवार को राय ने डेढ़ वर्षीय बालिका को कई जगह पर सिगरेट से जलाया और बचाने आई बालिका की मां के साथ मारपीट की। घायल बच्ची को लेकर मां बालोद थाने पहुंची और आरोपित पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। जिसके बाद पुलिस ने उसे दुर्ग जिले के भिलाई शहर से गिरफ्तार कर लिया। 


जानें पूरा मामला
अधिकारियों ने बताया आरक्षक अविनाश राय दुर्ग रक्षित केंद्र में पदस्थ है और तबादले से पहले वह बालोद रक्षित केंद्र में रहता था। इस दौरान वह शहर के सिवनी क्षेत्र में महिला के घर पर ही रहता था। उन्होंने बताया कि महिला का पति नागपुर में रहता है उन्होंने बताया कि बालोद में रहने के दौरान राय ने महिला को कुछ पैसे उधार दिए थे और इस महीने की 24 तारीख को राय अपने पैसे लेने महिला के घर पहुंचा और वहीं ठहर गया।

उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत के अनुसार गुरुवार की रात राय शराब के नशे में घर पहुंचा। रात में वह महिला की डेढ़ साल की बच्ची को पापा बोलने के लिए कहने लगा। बच्ची ने ऐसा नहीं किया तब उसने बच्ची के चेहरे, पेट और हाथ में कई जगहों पर सिगरट से दाग दिया और महिला के साथ मारपीट की और वहां से फरार हो गया। अधिकारियों ने बताया की पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी कॉन्स्टेबल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।

 

 

rajesh kumar

Advertising