आरोपी को पकडऩे गई पुलिस टीम पर हमला, 3 जख्मी, हालत गंभीर

Thursday, Nov 02, 2017 - 05:14 PM (IST)

राजोरी: जम्मू के जिला राजोरी में गांव जमोला लदोट में एक आरोपी को पकडऩे गई पुलिस टीम पर आरोपी व उसके परिजनों ने हमला कर दिया। उन्होंने पुलिस कर्मियों के हथियार छीनने का प्रयास किया, साथ ही उनपर तेजधार हथियारों, लाठियों व पत्थरों से प्रहार किया। हमले में एक विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) सहित तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, घायलों को जिला अस्पताल राजौरी पहुंचाया गया।


मिली जानकारी के अनुसार कुछ माह पहले आरोपी के रिश्तेदारों ने पुलिस थाना क्षेत्र कंडी के अधीन मंदिर गाला में सडक़ जाम कर वाहनों को क्षतिग्रस्त किया था। इस मामले में पुलिस की जांच जारी थी। रात को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मुहम्मद फारूक पुत्र मुल्लादाद घर पर ही है। सुबह पुलिस टीम उसके घर पहुंची तो आरोपी सहित परिवार के सदस्यों ने जवानों को बंधक बनाने के प्रयास के साथ ही उनके हथियार छीनने की कोशिश की। उनपर तेजधार हथियार, लाठी व पत्थरों से जानलेवा हमला किया। पुलिस टीम में शामिल एसपीओ साबर शाह, कांस्टेबल कदीर हुसैन, हवलदार मुहम्मद आयुब गंभीर रूप से घायल हो गए।


वहीं, पुलिस अधिकारियों को घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त बल गांव में भेजा गया। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल राजोरी पहुंचाया। जवानों पर जानलेवा हमला करने वाले लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों को पकडऩे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घायलों का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है।

 

 

Advertising