बीवी को मार जमीन में दफनाया, ढाई साल बाद मिले कंकाल ने खोला राज

Tuesday, Sep 05, 2017 - 12:38 PM (IST)

बर्धमान: जुर्म कितना भी छोटा या बड़ा हो ये ज्यादा समय तक छिप नहीं सकता। ऐसा ही मामला सामने आया है पश्चिम बंगाल के ​बर्धमान का। 2015 में महिला गायब हुई जिसको अब जाकर ढूंढा गया है। पुलिस के अनुसार, अप्रैल 2015 से गायब पूजा का शव यहां के एक घर से बरामद किया गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि पूजा के पति कालू चंद्र सेन की निशानदेही पर कंकाल बरामद किया गया है। मामले की तफ्तीश कर रही पुलिस को कोर्ट ने कथित घर में खुदाई करने के निर्देश दिए थे जिसके बाद महिला का शव बरामद किया गया।

पुलिस पूछताछ में मृतक महिला के पति कालू ने बताया कि वह पूजा को पसंद नहीं करता था। इसी वजह से उसने उसकी हत्या कर दी और लाश को अपने घर से कुछ दूरी स्थित निर्माणाधीन मकान में दफना दिया। पूजा के लापता होने के बाद उसके परिजनों ने कालू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पूजा के परिजनों को शक था कि कालू ने ही उसे गायब किया है। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। वहीं जिस घर से पूजा का कंकाल बरामद हुआ है, उस घर के लोग काफी डरे हुए हैं। घर की मालकिन प्रतिमा सरकार का कहना है कि सभी सकते में आ गए हैं कि इस घर में लाश दबी हुई थी।

Advertising