31 महीने में तैयार, ₹4,727 करोड़ की लागत... PM मोदी ने अल्लूरी सीताराम राजू एयरपोर्ट का किया उद्घाटन
punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 11:59 AM (IST)
Amaravati: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 1 अगस्त को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगापुरम में नवनिर्मित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। करीब 4,727 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एयरपोर्ट रिकॉर्ड 31 महीनों में बनकर तैयार हुआ है। यह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहले चरण में हर साल 60 लाख यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा। भविष्य में इसकी क्षमता को बढ़ाकर 4 करोड़ यात्रियों प्रति वर्ष तक किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने पहले कहा था कि यह एयरपोर्ट उत्तर आंध्र क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा और राज्य के विमानन क्षेत्र में नए युग की शुरुआत करेगा।
एयरपोर्ट उद्घाटन कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल
प्रधानमंत्री मोदी ने सुबह करीब 11 बजे एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ एयरपोर्ट परिसर का निरीक्षण किया।
इसके बाद प्रधानमंत्री खुले वाहन से जनसभा स्थल के लिए रवाना हुए, जहां 13,500 से अधिक आदिवासी महिलाओं और छात्रों ने भव्य धीमसा नृत्य प्रस्तुति के जरिए उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:55 बजे तक जनसभा को संबोधित किया और दोपहर 1:10 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुए।
#WATCH | Vizianagaram, Andhra Pradesh: Prime Minister Narendra Modi inaugurates the Alluri Sitarama Raju International Airport at Bhogapuram.
— ANI (@ANI) August 1, 2026
He will dedicate to the nation multiple development projects worth over Rs 17,900 crore in Bhogapuram.
(Source: DD) pic.twitter.com/1QWR87bLRN
यात्रियों की क्षमता
भोगापुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा शुरुआती चरण में 60 लाख यात्रियों सालाना की क्षमता के साथ शुरू किया गया है। इसे तीन चरणों में विकसित किया जा रहा है और आने वाले वर्षों में इसकी क्षमता बढ़ाकर 4 करोड़ से अधिक यात्रियों प्रति वर्ष की जा सकती है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस एयरपोर्ट
इस एयरपोर्ट में 3,800 मीटर लंबा कोड 4E रनवे, एकीकृत यात्री टर्मिनल, कार्गो सुविधाएं और आधुनिक एयरसाइड इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया गया है, जो घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों के संचालन में सक्षम होगा। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इसे उत्तर आंध्र और तेलुगु लोगों के लिए गर्व का विषय बताया है। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट क्षेत्र के आर्थिक परिदृश्य को बदलने के साथ रोजगार और विकास के नए अवसर पैदा करेगा।
यह एयरपोर्ट क्षेत्र के पर्यटन को भी बढ़ावा देगा, जिसमें विश्व प्रसिद्ध अराकू कॉफी और अन्य पर्यटन स्थल शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को "विंग्स टू द ड्रीम्स ऑफ नॉर्थ आंध्र" अभियान के तहत जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि एयरपोर्ट को हर घर तक पहुंचाया जा सके।
