पीएम मोदी का मध्य प्रदेश दौरा आज ( पढ़ें 16 नवंबर की खास खबरें)

Friday, Nov 16, 2018 - 05:04 AM (IST)

नई दिल्ली/जालंधर (वेब डेस्क): मध्य प्रदेश में चुनावी बिगुल बज चुका है। भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही पार्टियां मतदाताओं को रिझाने के लिए बड़े नेताओं की चुनावी सभाएं करेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पार्टी के लिए प्रदेश में 16 नवंबर से कैंपेन शुरू करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 5 दिन में 10 सभाएं करेंगे। 

राष्ट्रीय-
आज से बंद हो रहा है आई.जी.आई. एयरपोर्ट का रनवे 

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक रनवे 16 नवंबर से 27 नवंबर तक बंद रहेगा। इस रनवे को मरम्मत कार्य के चलते बंद किया जा रहा है। 

अमित और राहुल सागर जिले में 

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को सागर जिले में सभाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा सूत्रों के अनुसार, शाह सागर संभाग मुख्यालय के समीप कजलीवन मैदान में चुनावी सभा में भाग लेंगे। यह स्थान नरयावली विधानसभा क्षेत्र के अधीन आता है। वहीं, कांग्रेस के अनुसार गांधी सागर जिले के देवरी में शुक्रवार को ही चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।

बिपिन रावत आएंगे लखनऊ 

भारतीय थलसेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत दो दिन के दौरे पर 16 नवंबर को लखनऊ आ रहे हैं। इस बार सेनाध्यक्ष दो दिनों तक लखनऊ में रुकेंगे। वह मध्य कमान मुख्यालय में ऑपरेशनल तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक में हिस्सा लेंगे। जबकि 11 गोरखा राइफल्स रेजीमेंटल सेंटर में एक भव्य समारोह में भी शामिल होंगे। 

आज से फिर खुलेंगे सबरीमला के द्वार 

सबरीमला मंदिर में सभी उम्र समूह की महिलाअों के प्रवेश के खिलाफ भारी विरोध बीच शुक्रवार से 2 महीने का पर्व शुरू हो रहा है। राज्य की आधी पुलिस (लगभग 21 हजार पुलिसकर्मी) सुरक्षा व्यवस्था में तैनात होगी। 

पंजाब-
बेअदबी और गोलीकांड मामले में बादल करवाएंगे बयान दर्ज 

धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी और बहबल कलों गोलीकांड मामले में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल शुक्रवार को स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम के सामने बयान दर्ज करवाएंगे। इससे संबंधित प्रकाश सिंह बादल ने एस. आई. टी. प्रमुख को पत्र भेज कर बयान दर्ज करवाने की बात कही है। बादल ने बयान दर्ज करवाने के लिए चंडीगढ़ के सेक्टर -2 स्थित एम. एल. ए. फ्लैट नंबर -45 का चयन किया है। 

खेल-
आज होने वाले मुकाबले 

क्रिकेट: श्रीलंका बनाम इंग्लैंड (दूसरा टेस्ट, तीसरा दिन)
क्रिकेट: पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड (पहला टेस्ट, पहला दिन)
क्रिकेट: इंग्लैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका (महिला विश्व कप टी20)
क्रिकेट: विंडीज बनाम श्रीलंका (महिला विश्व कप टी20)
बैडमिंटन: हांगकांग ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट

Pardeep

Advertising