40 देशों के मंत्रियों के साथ मार्च में वार्ता करेंगे PM मोदी, रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने का फार्मूला बना सकता है भारत

punjabkesari.in Wednesday, Feb 22, 2023 - 01:26 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत में इस साल मार्च का महीना कूटनीतिक लिहाज से काफी खास होने वाला है। एक तरफ जहां दिल्ली G-20 समिट की मेजबानी करेगा, वहीं दूसरी ओर क्वाड देशों (quad) के विदेश मंत्री 3 मार्च को बैठक करने वाले हैं। इन बैठकों में 40 देशों के मंत्री शामिल होंगे। हालांकि यूक्रेन इसमें शामिल नहीं है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि रूस के बहाने इस पर चर्चा होगी। वहीं माना जा रहा है कि इन बैठकों में भारत रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने का भी फार्मूला पेश कर सकता है।

 

दरअसल भारत के रूस के साथ  रिश्ते अच्छे हैं तो वहीं यूक्रेन और उसकी मदद कर रहे पश्चिमी देशों के साथ भी भारत के संबंध ठीक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कई बार कह चुके हैं कि यह युद्ध का दौर नहीं है। पीएम मोदी ने जब पुतिन से कहा कि यह युद्ध का दौर नहीं है तो वैश्विक मंच पर इसे भारत का एक बड़े संदेश के रूप में देखा गया। सितंबर में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) मीटिंग के दौरान भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात हुई थी।

 

वार्ता के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था कि यह दौर युद्ध का नहीं है जिस पर पुतिन ने कहा था कि रूस भी जंग नहीं चाहता है। बता दें कि यूक्रेन-रूस मुद्दे पर भारत की भूमिका महत्वपूर्ण बताते हुए फ्रांस के राजनयिक सूत्रों ने कहा कि भारत और रूस के बीच संबंधों का इस्तेमाल शांति की दिशा में काम करने के माध्यम के रूप में किया जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News