बाढ़ से केरल में तबाही, आज हालात का जायजा लेने जाएंगे PM मोदी

Friday, Aug 17, 2018 - 12:21 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केरल में बाढ़ के हालात का जायजा लेने के लिए आज शाम वहां जाएंगे।  मोदी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केरल में बाढ़ की वजह से बने दुर्भाग्यपूर्ण हालात का जायजा लेने के लिए वह आज शाम तक केरल पहुंच जाएंगे।  


प्रधानमंत्री ने आज सुबह केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से बात की। उन्होंने बताया कि हमने राज्यभर में बने बाढ़ के हालात पर चर्चा की और बचाव अभियान का जायजा लिया। प्रधानमंत्री बीते दो दिन से विजयन के संपर्क में बने हुए हैं। केरल में मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण बहुत खराब हालात हैं और अब तक यहां करीब 100 लोगों की जान जा चुकी है। 

वहीं वीरवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम से केरल के बाढ़ प्रभावित इलाकों में सेना और नौसेना के जवानों की तैनाती बढ़ाने और राहत कार्यों में तेजी लाने की अपील की थी। उन्होंने ट्वीट कर मोदी से बाढ़ प्रभावित केरल को विशेष मदद देने का अनुरोध किया था। 


बता दें कि राज्य में मूसलाधार बारिश लगातार जारी है, ऐसे में बचाव एवं राहत कार्य में तेजी लाने के लिए सेना के अतिरिक्त बलों को भेजा गया है। राज्य की राजधानी से रेल सेवाएं फिलहाल निलंबित हैं, कोच्चि मेट्रो का परिचालन भी बंद है। कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे ने शनिवार तक के लिए सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। सूत्रों के अनुसार 1.5 लाख से ज्यादा लोगों को 1,067 राहत शिविरों में भेजा गया है। मध्य और दक्षिणी केरल में हजारों की संख्या में लोग अपने घरों में फंसे हुए हैं और वह नौसेना से मदद की गुहार लगा रहे हैं।  
    

vasudha

Advertising