प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को करेंगे संबोधित

punjabkesari.in Wednesday, Aug 15, 2018 - 04:56 AM (IST)

नई दिल्ली: देश बुधवार को अपनी आजादी का जश्न मना रहा है। 72वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे। साल 2014 में भाजपा नीत राजग के सत्ता में आने के बाद से यह उनका पांचवां संबोधन होगा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली में सुरक्षा के अभेद इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली को इस समय छाबनी में तब्दील कर दिया गया है। धरती हो या आसमान चप्पे-चप्पे पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने लाल किले के आसपास के इलाकों में स्वतंत्रता समारोह की समाप्ति तक पतंग उड़ाने पर भी रोक लगाई हुई हैं। 

दिल्ली की सीमाओं को सील कर दिया गया है। मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग को खाली करा लिया गया है। समारोह स्थल की ओर जाने वाले हर रास्ते पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी तरह के वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। 

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम:
संभावित आतंकी खतरे को लेकर लालकिला के साथ पूरी दिल्ली अभेद्य किले में तब्दील कर दी गई है। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क है। दिल्ली के संवेदनशील जगहों पर जवान पैनी नजर रखे हुए हैं। समारोह स्थल के पास अर्धसैनिक बलों के दस हजार जवान तैनात किए गए हैं। साथ ही दिल्ली पुलिस के 70 हजार जवान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने में मदद करेंगे। दिल्ली पुलिस की स्वाट इकाई की 36 महिलाकर्मी भी तैनात होंगी।लालकिले के आसपास पतंग पकड़ने वालों की तैनाती की गई है। लालकिले की तरफ जाने वाली सड़कों पर 500 से अधिक तथा लालकिले के अंदर 200 से अधिक कैमरे लगाए गए हैं।

मंगलवार आधी रात से राजधानी के बॉर्डर सील कर दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक राजधानी में जमीन से लेकर आसमान तक कड़ा पहरा है। यमुना नदी में भी कमांडो गश्त पर हैं। लालकिले के आस पास के इमारतों के अलावा सीवर के ढक्कनों को भी सील कर दिया गया है।  

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News