PM मोदी ने भारत की जी-20 की अध्यक्षता की वेबसाइट व लोगों का अनावरण किया

Wednesday, Nov 09, 2022 - 12:07 PM (IST)

नेशनल डेस्कः  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को  एक ऑनलाइन कार्यक्रम के दौरान भारत की जी-20 की अध्यक्षता के लोगो, थीम और वेबसाइट का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि भारत की जी-20 समूह की आगामी अध्यक्षता देश की आजादी के 75वें वर्ष में गौरव की बात है और देश के लिए एक महान अवसर है। भारत एक दिसंबर को मौजूदा अध्यक्ष इंडोनेशिया से इस शक्तिशाली समूह की अध्यक्षता ग्रहण करेगा। 20 देशों का समूह यानी जी-20 दुनिया की प्रमुख विकसित और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं का अंतर- सरकारी मंच है।

 

मोदी ने अपने संबोधन में भारत की विकास यात्रा को रेखांकित किया और कहा कि स्वतंत्रता के बाद भारत को आगे ले जाने में सभी सरकारों और लोगों ने अपने-अपने तरीके से योगदान किया। उन्होंने यह भी कहा कि भारत दुनिया को दिखा सकता है कि जब लोकतंत्र संस्कृति बन जाता है तो संघर्ष का दायरा खत्म हो सकता है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि सतत विकास पर जोर देते हुए प्रगति और प्रकृति एक साथ चल सकती हैं। उन्होंने समूह की आगामी अध्यक्षता के संबंध में कहा, "यह सभी भारतीयों के लिए गर्व की बात है, यह सभी भारतीयों के लिए और अधिक गौरव लाएगा।''

 

जी-20 समूह में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ (EU) शामिल हैं। जी20 शिखर सम्मेलन 15-16 नवंबर को बाली में होगा और मोदी समेत शीर्ष नेताओं का इसमें शामिल होना तय है। जी20 अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग का एक प्रमुख मंच है, जो वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का लगभग 85 प्रतिशत, वैश्विक व्यापार का 75 प्रतिशत से अधिक और विश्व की लगभग दो-तिहाई आबादी का प्रतिनिधित्व करता है। भारत वर्तमान में जी20 ट्रोइका (जी-20 के वर्तमान, पिछले और आगामी अध्यक्ष) का हिस्सा है जिसमें इंडोनेशिया, इटली और भारत शामिल हैं।  

Tanuja

Advertising